Top News

विदेशी कलाकारों की रामलीला बढ़ाएगी दीपोत्सव की शोभा

Jantaserishta Admin 4
3 Nov 2023 5:17 AM GMT
विदेशी कलाकारों की रामलीला बढ़ाएगी दीपोत्सव की शोभा
x

अयोध्या: अयोध्या में दीपोत्सव को भव्य बनाने के लिए कई प्रकार के आयोजन हो रहे हैं। अयोध्या शोध संस्थान भी तीन दिवसीय रामलीला का आयोजन करेगा जिसमें देश से ही नहीं विदेश के भी कलाकार मंचन कर आयोजन की शोभा बढ़ाएंगे।

अयोध्या शोध संस्थान के निदेशक लवकुश द्विवेदी ने बताया कार्यक्रम में भव्य शोभायात्रा, रामलीला झांकी, स्थानीय, प्रादेशिक, राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय राम लीलाएं आयोजित की जाएगी। इसके अलावा रामायण मेले का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। सभी कार्यक्रम अयोध्या शोध संस्थान की ओर से आयोजित किए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि अयोध्या में दीपोत्सव से आयोजित होने वाली रामलीला में चार देश — रूस, श्रीलंका, सिंगापुर एवं नेपाल के कलाकारों की ओर से रामलीलाओं का मंचन किया जाएगा। इसके अलावा देश के 21 प्रदेशों की रामलीला, रामायण परंपरा पर आधारित लोक प्रस्तुतियों का भी आयोजन किया जाएगा। इसके लिए लगभग ढाई हजार कलाकार अयोध्या पहुंच रहे हैं। यह कार्यक्रम राम कथा पार्क के मुख्य मंच पर सायंकालीन विदेशी रामलीला से प्रारंभ होगा।

इसके अलावा अन्य विशेष मंचों में रामघाट, बिरला धर्मशाला, बड़ी देवकाली, गुप्तार घाट तथा भरत कुंड में तीन दिवसीय भजन कीर्तन एवं रामलीलाओं का आयोजन किया जाएगा। देश-विदेश के लगभग ढाई हजार कलाकारों का इसमें संगम होने जा रहा है।

उन्होंने बताया कि अयोध्या में दीपोत्सव से पूर्व आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में वैश्विक राम विषयक रामायण प्रदर्शनी का भी आयोजन किया जाएगा। राम सीता स्वरूप प्रतियोगिता का आयोजन भी किया जाना है।

अयोध्या शोध संस्थान के निदेशक ने बताया स्कूली बच्चों द्वारा राम कथा के विभिन्न प्रसंगों पर चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। 125 फीट लम्बे कैनवास पर अवध के राम का चित्रांकन भी किया जाएगा। राम कथा पार्क के मुख्य मंच पर ग्लोबल इन्साइक्लोपीडिया आफ द रामायण परियोजना अंतर्गत अयोध्या शोध संस्थान द्वारा प्रकाशित विभिन्न ग्रन्थों का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ विमोचन करेंगे।

Next Story