Top News

New Delhi: भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस, टेंडर के साथ तय होगी जिम्मेदारी: सीएम रेखा गुप्ता

Admindelhi1
19 April 2025 4:09 PM IST
New Delhi: भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस, टेंडर के साथ तय होगी जिम्मेदारी: सीएम रेखा गुप्ता
x
"नई नीतियां बनाकर घोटाले और गड़बड़ी पर अंकुश लगाया जाएगा"

नई दिल्ली: दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता (Rekha Gupta) ने 'जनता से रिश्ता' की टीम से विशेष चर्चा की। रेखा गुप्ता ने बताया कि, दिल्ली की भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। किसी भी काम के लिए टेंडर जारी करते समय उसमें जवाबदेही प्रमुख रूप से तय की जाएगी। यदि काम खराब हुआ तो उसे फिर से करना होगा। इसके साथ नई नीतियां बनाकर घोटाले और गड़बड़ी पर अंकुश लगाया जाएगा।

नगर निगम में भ्रष्टाचार के सवाल पर जवाब: नगर निगम में भ्रष्टाचार के सवाल पर जवाब देते हुए सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि इसी कारण नालों की सफाई दिल्ली में नहीं हुई और शहर को बाढ़ से जूझना पड़ा। उन्होंने कहा कि नाले गाद से भरे रहे और कागजों पर उनकी सफाई हो गई। लेकिन, भाजपा की सरकार में ऐसा नहीं होगा। गाद निकालने का प्रमाण मिलने पर काम का भुगतान किया जाएगा।

इसका प्रावधान टेंडर में ही किया जाएगा। यदि नाले जाम होंगे तो उसे साफ करने का काम ठेकेदार को ही करना होगा। सीएम ने कहा कि अब जो भी टेंडर दिए जाएंगे, पूरी तरह से अकाउंटेबिलिटी और पेनाल्टी के प्रावधान के साथ दिए जाएंगे। ताकि यह न हो कि पौधा लगाया और भाग गए। अब पौधा लगाने के साथ उसकी देखभाल की जिम्मेदारी भी तय की जाएगी।

दिल्ली की सड़कों और प्रदूषण पर क्या कहा: एक सवाल के जवाब में सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि सड़क बनाने के काम में भी जवाबदेही का प्रावधान किया जाएगा। समयसीमा तय की जाएगी और उसके भीतर यदि सड़क टूटी या उसमें गड्ढे हुए तो ठेकेदार को उसे ठीक करना होगा। कुल मिलाकर बनाई गई सड़क को दुरुस्त बनाए रखने की जिम्मेदारी टेंडर प्रक्रिया में तय कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि दिल्ली का प्रदूषण दूर किया जाएगा और चरणबद्ध योजना बनाकर यमुना को स्वच्छ बनाया जाएगा।

इसमें समय लगेगा, लेकिन इसे पूरा करके दिखाएंगे। चाहे शराब नीति हो या फिर अन्य नीतियां, सभी की समीक्षा करके हरसंभव बदलाव किए जाएंगे। दिल्ली की भाजपा सरकार पेयजल, बिजली, सफाई, परिवहन, शिक्षा, चिकित्सा, समाज कल्याण, पर्यावरण आदि सभी विषयों पर पूरी गंभीरता से काम कर रही है। हम दिल्ली को खूबसूरत और खुशहाल दिल्ली बनाएंगे। हमारी दिल्ली स्वच्छ, सुरक्षित, शिक्षित और सुसज्जित दिल्ली बनेगी।

Next Story