Top News

सुप्रसिद्ध मूर्तिकार अशोक देवांगन को राष्ट्रीय कलापुरोधा सम्मान

Gulabi Jagat
27 Nov 2023 3:31 AM GMT
सुप्रसिद्ध मूर्तिकार अशोक देवांगन को राष्ट्रीय कलापुरोधा सम्मान
x

भिलाई। सिविक सेंटर भिलाई के टाक शो मे छत्तीसगढ़ के सुप्रसिद्ध मूर्तिकार अशोक देवांगन को राष्ट्रीय कलापुरोधा सम्मान से विभूषित किया गया। साहित्य अकादमी नई दिल्ली के मानद सदस्य प्रोफेसर सियाराम शर्मा ने उन्हे यह सम्मान प्रदान किया। इस दौरान खैरागढ, रायपुर, बिलासपुर, कोडागांव, सरगुजा एवं दुर्ग, भिलाई के अनेक कलाकार और गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

ज्ञात हो कि भिलाई मे ललित कला अकादमी के रीजनल सेन्टर की स्थापना हेतु टाक शो का आयोजन किया जा रहा है। जिसे भिलाई की प्रबुद्ध जनता का बेहतर प्रतिसाद मिल रहा है। इसी कड़ी मे रेल्वे के सुप्रसिद्ध मूर्तिकार अशोक देवांगन का सम्मान किया गया वे न सिर्फ राज्य में वरन पूरे भारतवर्ष में एक से बढ़कर एक मूर्तियों का निर्माण कर रहे हैं। उनके द्वारा बनाई गई कलाकृतियां दो-चार मंजिल इमारत जितनी ऊंची होती है। रायपुर एयरपोर्ट में बना विशालकाय घोड़ा भी उनकी ही कलाकृति है जो आज छत्तीसगढ़ की पहचान बन गई है। कुछ दिन पहले केंद्रीय ललित कला अकादमी, नई दिल्ली से आए पदाधिकारियो की कमेटी ने भी इस घोड़ेद्वय कलाकृति की भूरी-भूरी प्रशंसा की थी। उन्होंने अशोक देवांगन को समकालीन भारतीय मूर्तिकला जगत का एक सशक्त हस्ताक्षर माना है।

ज्ञात हो कि मूर्तिकार अशोक देवांगन ने पुरखौती मुक्तागन, नई दिल्ली, सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय क्राफ्ट मेला में अपनी मूर्तिकला का जादू बिखेरकर छत्तीसगढ़ का नाम रोशन किया है। वे रेल्वे के लौह स्क्रेपो से भव्यतम मूर्तियां बनाने के लिए जाने जाते हैं। जिससे उन्होंने डी.आर.एम. आफिस रायपुर, डब्ल्यू.आर.एस. रायपुर, भिलाई, दुर्ग के अलावा उत्तरप्रदेश के झांसी में भी नयनाभिराम प्रतिमाएं बनाई है। टाक शो मे राष्ट्रीय कलापुरोधा सम्मान प्रदान करते हुए मुख्य अतिथि साहित्य अकादमी के सदस्य और सुविख्यात साहित्यकार प्रोफेसर सियाराम शर्मा ने अशोक को छत्तीसगढ़ी कलाजगत का गौरव संबोधित किया। भिलाई की पावन धरा का गुणगान करते हुए उन्होंने इस शहर को एक से बढ़कर एक कलाकार, साहित्यकार, फिल्मकार, खिलाड़ी और शिक्षा के क्षेत्र मे नाम देने वाले विद्वानों की नगरी कहा। टाक शो का संचालन साहित्यकार मेनका वर्मा ने और कुशल मंच सज्जा ललेश्वरी साहू, नरोत्तम साहू एवं डाक्टर सोनाली चक्रवर्ती ने किया। इस दौरान प्रख्यात चित्रकार हरीसेन, पी.वाल्सन, मोहन बराल, विजय शर्मा, कोडागांव से मीना देवांगन, खैरागढ से डाक्टर मनिंदर सिंह, सारिका गोस्वामी, धीरज साहू, भिलाई से जयप्रकाश नायर, प्रवीण कालमेघ, आर.डी. बर्मन, रोशन साहब गोस्वामी, संतोष पराशर, प्रशांत क्षीरसागर, अंकुश देवांगन तथा बड़ी संख्या में दर्शक उपस्थित थे।

Next Story