Top News

ग्रेटर नॉएडा के किसान MOTO GP 2023 रेस के विरोध में करेंगे आंदोलन

Admin Delhi 1
7 Aug 2023 5:25 AM GMT
ग्रेटर नॉएडा के किसान MOTO GP 2023 रेस के विरोध में करेंगे आंदोलन
x

ग्रेटर नोएडा: इसी साल 22 से 24 सितंबर 2023 तक ग्रेटर नोएडा के बुद्ध इंटरनेशनल सर्किट (BIC) पर होने वाली अंतर्राष्ट्रीय बाइक रेस प्रतियोगिता मोट जीपी का विरोध शुरू हो गया है। मोटो जीपी 2023 (MOTO GP 2023) के विरोध में किसान एकजुट हो रहे हैं। इन किसानों ने मोटो जीपी के विरोध में आंदोलन करने का ऐलान किया है।

चेतना मंच पहले भी बता चुका है कि सितंबर 2023 में ग्रेटर नोएडा शहर बाइक की रेस के जुनून का गवाह बनेगा। 22 सितंबर से लेकर 24 सितंबर 2023 तक ग्रेटर नोएडा में मोटो जीपी रेस 2023 (MOTO GP 2023) का आयोजन होगा। अब यह आयोजन विवाद में फंसता नजर आ रहा है। विवाद का कारण ग्रेटर नोएडा क्षेत्र के किसानों की वह घोषणा है जिसमें उन्होंने मोटो जीपी के विरोध में आंदोलन करने की घोषणा की है। किसानों का कहना है कि जिस बुद्ध इंटरनेशनल सर्किट पर मोटो जीपी रेस हो रही है उसके मामले में किसानों के साथ अन्याय हुआ है।

क्या है पूरा मामला: आपको बता दें कि कल (रविवार) को ग्रेटर नोएडा के गुनपुरा गांव मं किसानों की एक पंचायत हुई है। किसान एकता संघ के बैनर तले हुई किसानों की इस पंचायत में मोटो जीपी बाइक रेस का विरोध करने का फैसला किया गया। पंचायत में मौजूद किसानों ने कहा कि जिस रेसिंग ट्रैक बुद्ध इंटरनेशनल सर्किट पर मोटो जीपी का आयोजन किया जा रहा है उसके मामले में किसानों की बड़ी मांग लंबित है। पंचायत में बताया गया कि रेसिंग ट्रैक किसानों की जिस जमीन पर बना हुआ है उस जमीन का 64.7 प्रतिशत अतिरिक्त मुआवजा अभी तक किसानों को नहीं दिया गया है। जब तक किसानों को अतिरिक्त मुआवजा नहीं दे दिया जाता तब तक किसान मोटो जीपी बाइक रेस नहीं होने देंगे।

पंचायत में घोषणा की गई कि जल्दी ही इस मुद्दे पर यमुना एक्सप्रेसवे विकास प्राधिकरण के कार्यालय का घेराव किया जाएगा। किसान एकता संघ की पंचायत की अध्यक्षता संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सौरण सिंह प्रधान ने की। पंचायत में संगठन के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी रमेश कसाना, चौधरी बाली सिंह, प्रमोद शर्मा, देशराज नागर, राकेश चौधरी, सतीश कनारसी, विनित नागर, जगदीश शर्मा, विक्रम नागर एवं गीता भाटी समेत बड़ी संख्या में किसान शामिल हुए।

क्या है मोटो जीपी: आपको बता दें कि मोटो जीपी अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर होने वाली बाइक रेस प्रतियोगिता का नाम है। इस प्रतियोगिता में दुनियाभर के बाइक रेसर हिस्सा लेते हैं। यह बाइक रेस दुनिया के अलग अलग हिस्सों में होती रहती है। इसका आयोजन हर साल किया जाता है। भारत में मोटो जीपी का आयोजन पहली बार हो रहा है। यह आयोजन 22 से 24 सितंबर 2023 तक ग्रेटर नोएडा बुद्ध इंटरनेशनल सर्किट पर होगा। इस विषय में केंद्र सरकार व आयोजक तैयारियों में जुटे हुए हैं।

भारत सरकार के खेल मंत्री अनुराग ठाकुर का कहना है कि भारत में पहली बार इतना बड़ा आयोजन हो रहा है। उनका कहना है कि मोटो जीपी बाइक रेस से भारत के आटो मोबाइल उद्योग को बढ़ावा मिलेगा। यहां यह भी उल्लेखनीय है कि मोटो जीपी रेस में कोई भारतीय रेसर पहली बार भाग लेगा। तमाम तैयारियों के बीच में किसानों द्वारा मोटो जीपी रेस के आयोजन का विरोध चर्चा का विषय बन गया है। कुछ लोग यह भी सवाल उठा रहे हैं कि कहीं यह विरोध केवल दिखावे के लिए ही तो नहीं हो रहा है।

Next Story