दिल्ली में स्वच्छता का महापर्व, CM रेखा गुप्ता संग जैकी श्रॉफ ने लगाया झाड़ू

नई दिल्ली: छठ महापर्व के बाद दिल्ली के घाटों और सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता बनाए रखने के उद्देश्य से गुरुवार को मुनक नहर पर स्वच्छता पर्व का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में आयोजित इस अभियान में बॉलीवुड अभिनेता जैकी श्रॉफ, अभिनेत्री ईशा गुप्ता, गायक स्टेबिन बेन, बिस्मिल और बड़ी संख्या में दिल्लीवासियों ने भाग लिया। सभी ने श्रमदान कर स्वच्छता का संदेश दिया।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि छठ महापर्व के दौरान जिन घाटों पर श्रद्धालुओं ने आस्था के साथ पूजा-अर्चना की थी, अब उन्हीं घाटों को स्वच्छ रखने के लिए लोग एकजुट हुए हैं। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि इसमें प्रत्येक नागरिक की भागीदारी आवश्यक है।
कार्यक्रम में बच्चों और युवाओं ने विशेष उत्साह दिखाया। बच्चों ने सफाई का संकल्प लिया और नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। मुख्यमंत्री ने बच्चों की भागीदारी की सराहना करते हुए कहा कि उनके उत्साह और प्रयासों ने सभी का दिल जीत लिया।
अभियान में शामिल फिल्मी कलाकारों और अन्य प्रतिभागियों ने भी श्रमदान कर स्वच्छता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दिखाई। इस दौरान लोगों को सार्वजनिक और धार्मिक स्थलों को साफ रखने का संदेश दिया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वच्छता केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि इसे दैनिक जीवन की आदत बनाना जरूरी है। उन्होंने स्वच्छता पर्व में भाग लेने वाले बच्चों, युवाओं, कलाकारों और दिल्लीवासियों का आभार व्यक्त किया।
उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने आसपास के क्षेत्रों, सार्वजनिक स्थलों और धार्मिक स्थलों को स्वच्छ बनाए रखने में लगातार सहयोग करें।





