Top News

जंतर-मंतर पर प्रदर्शन को लेकर बदलाव, तीन नए स्थल तय

Admindelhi1
12 Oct 2026 3:35 PM IST
जंतर-मंतर पर प्रदर्शन को लेकर बदलाव, तीन नए स्थल तय
x
धरना-प्रदर्शन के लिए दिल्ली में तीन नए ठिकाने निर्धारित

नई दिल्ली (Naren Danu) : दिल्ली पुलिस ने धरना-प्रदर्शन के लिए निर्धारित स्थलों में बदलाव करते हुए जंतर-मंतर को सूची से हटा दिया है। इसके स्थान पर रामलीला मैदान, बुराड़ी मैदान और पूर्वी दिल्ली के सीबीडी मैदान को नए प्रदर्शन स्थलों के रूप में निर्धारित किया गया है। पुलिस आयुक्त अनुराग कुमार ने 11 अक्टूबर को इस संबंध में स्थायी आदेश जारी किया।

पुलिस के अनुसार, यह निर्णय केंद्रीय गृह मंत्रालय की ओर से गठित समिति की सिफारिशों के आधार पर लिया गया है। समिति को नागरिकों के विरोध-प्रदर्शन के अधिकार को ध्यान में रखते हुए जंतर-मंतर के विकल्प तलाशने की जिम्मेदारी दी गई थी।

नए स्थलों के लिए अलग से जारी होगी एसओपी

दिल्ली पुलिस ने बताया कि रामलीला मैदान, बुराड़ी मैदान और सीबीडी मैदान में प्रदर्शन आयोजित करने के लिए विस्तृत मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) जारी की जाएगी। इसमें प्रदर्शन की अनुमति लेने की प्रक्रिया, आयोजन की शर्तों और सुरक्षा सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के दिशा-निर्देश शामिल होंगे।

यह आदेश 28 अप्रैल 2022 को जारी स्थायी आदेश में आंशिक संशोधन के तहत लागू किया गया है। आदेश की प्रतियां दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों और सभी जिला पुलिस इकाइयों को भेज दी गई हैं।


लंबे समय से विरोध-प्रदर्शनों का केंद्र रहा है जंतर-मंतर

जंतर-मंतर लंबे समय से राजनीतिक दलों, सामाजिक संगठनों और विभिन्न समूहों के धरना-प्रदर्शनों का प्रमुख केंद्र रहा है। यहां प्रदर्शन करने के लिए पुलिस से पूर्व अनुमति लेना और निर्धारित शर्तों का पालन करना आवश्यक था।

नए आदेश के बाद प्रदर्शनकारियों को निर्धारित वैकल्पिक स्थलों पर लागू नियमों के अनुसार अनुमति लेनी होगी। नए स्थलों के लिए जारी होने वाली एसओपी से प्रदर्शन आयोजित करने की प्रक्रिया और संबंधित शर्तों को लेकर स्थिति स्पष्ट होगी।

Next Story