Top News

2 पक्षों के बीच खूनी झड़प, नाली को लेकर झगड़ा

Jantaserishta Admin 4
1 Nov 2023 4:40 AM GMT
2 पक्षों के बीच खूनी झड़प, नाली को लेकर झगड़ा
x

मेरठ: मेरठ में हस्तिनापुर के हरिपुर गांव में मंगलवार रात नाली के विवाद में दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। कई राउंड फायरिंग से अफरातफरी मच गई। पुलिस मौके पर पहुंची तो एक पक्ष ने पथराव कर दिया। इसके बाद कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंची और सख्ती से स्थिति पर काबू पाया। गांव में पुलिस बल तैनात किया गया है।

पुलिस के अनुसार, हरिपुर गांव में चार दिनों से नाली को लेकर दो पक्षों में विवाद चल रहा है। एक पक्ष ने थाने में चार दिन पहले तहरीर दी थी लेकिन थाना पुलिस ने गंभीरता से नहीं लिया। विवाद बढ़ता गया और मंगलवार देर रात दोनों पक्ष आमने सामने आ गए।

जमकर संघर्ष हुआ। एक पक्ष ने दहशत फैलाने की नीयत से एक के बाद एक कई राउंड फायरिंग कर दी, जिससे गांव में भगदड़ मच गई। दूसरे पक्ष ने भी फायरिंग कर दी। गांव के लोग घरों में घुस गए और पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची तो एक पक्ष ने पुलिस की जीप पर पथराव कर दिया।

पुलिसकर्मियों को जान बचाकर वहां से भागना पड़ा। उच्चाधिकारियों को सूचना दी। पुलिस पर पथराव की सूचना मिलते कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंची और स्थिति पर काबू किया।

एसपी देहात कमलेश बहादुर का कहना है विवाद की सूचना पर मौके पर पुलिस पहुंची थी। मामला बढ़ता देख कई थानों की फोर्स मौके पर तैनात की गई है। कुछ लोगों को हिरासत में लिया, मुकदमा दर्ज कराया जा रहा है।

मंगलवार रात दरियापुर गांव में भी फायरिंग हुई। दो पक्षों में युवती के रिश्ते को लेकर नाराजगी है। जिसके चलते एक पक्ष दूसरे पक्ष के घर के सामने हवाई फायरिंग कर फरार हो गया।

Next Story