Top News

भाजपा अध्यक्ष ने 'गौरव यात्रा' को दिखाई हरी झंडी, कांग्रेस को लिया आड़े हाथ

HARRY
12 Oct 2022 8:34 AM GMT
भाजपा अध्यक्ष ने गौरव यात्रा को दिखाई हरी झंडी, कांग्रेस को लिया आड़े हाथ
x

नई दिल्ली । भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा गुजरात दौरे पर हैं। गुजरात के महसाणा जिले में भाजपा अध्यक्ष ने 'गौरव यात्रा' को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए नड्डा ने कांग्रेस पार्टी पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने बबूल के बीज बोए थे, तो इसलिए बबूल के पेड़ उगेंगे। विकास कभी नहीं होगा। साथ ही उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पहले राज्य में और अब देश में विकास का मार्ग प्रशस्त किया है। गुजरात का विकास मॉडल कई अन्य राज्यों के लिए एक मॉडल बन गया है।

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस ने भाई को भाई से लड़ाया है। इलाके को इलाके से लड़ाया है। जहां पानी चाहिए था, वहां पानी नहीं दिया। विकास की यात्रा को अटकाया और भटकाया है। साथ नड्डा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी आज खुद लटकी और भटकी हुई हैं।

भाजपा अध्यक्ष नड्डा ने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे हर घर में पार्टी के संदेश ले जाएं और केंद्र और राज्य सरकारों द्वारा किए गए विकास कार्यों, नीतियों और कार्यक्रमों के बारे में बताएं।

बता दें कि जेपी नड्डा सौराष्ट्र के द्वारका से दूसरी गौरव यात्रा को हरी झंडी दिखाएंगे। भाजपा ने पांच गौरव यात्राओं की योजना बनाई है। दो यात्राओं को जेपी नड्डा और तीन यात्राओं को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह गुरुवार को हरी झंडी दिखाएंगे।

इस साल के अंत में हैं गुजरात के विधानसभा चुनाव

गौरतलब है कि पार्टी ने 16 राष्ट्रीय नेताओं और 14 राज्य नेताओं को गौरव यात्रा में साथ देने के लिए नियुक्त किया है। यह उत्तरी गुजरात और सौराष्ट्र-कच्छ की 44 विधानसभा सीटों को कवर करेगा। इसके साथ ही इस गौरव यात्रा में 145 जनसभाओं को भी संबोधित किया जाएगा। इस साल के अंत में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले गुजरात के लोगों को एकजुट करने के लिए भाजपा ने यात्रा शुरू की है।

Next Story