
नई दिल्ली: दिल्ली में बढ़ते वायु प्रदूषण की रोकथाम और स्वच्छ हवा सुनिश्चित करने को लेकर सोमवार को पर्यावरण भवन में केंद्र और दिल्ली सरकार के बीच महत्वपूर्ण बैठक हुई। केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने हिस्सा लिया।
बैठक में दिल्ली की वायु गुणवत्ता सुधारने के उपायों और प्रदूषण के विभिन्न स्रोतों पर प्रभावी नियंत्रण को लेकर चर्चा की गई। सरकार की ओर से प्रदूषण की समस्या से निपटने के लिए वर्षभर निगरानी और कार्रवाई जारी रखने पर जोर दिया गया।
बैठक के बाद मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर कहा कि दिल्लीवासियों को स्वच्छ हवा और बेहतर पर्यावरण उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि वायु प्रदूषण को केवल सर्दियों के मौसम से जोड़कर नहीं देखा जा सकता, बल्कि इसके प्रमुख स्रोतों पर पूरे साल लगातार काम करने की आवश्यकता है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदूषण नियंत्रण के लिए विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय और जमीनी स्तर पर निगरानी को मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने केंद्रीय पर्यावरण मंत्री की ओर से बैठक में दिए गए सुझावों को प्रभावी ढंग से लागू करने की बात कही।
उन्होंने यह भी कहा कि वायु प्रदूषण के खिलाफ दिल्ली सरकार के प्रयासों में केंद्र सरकार का सहयोग महत्वपूर्ण है। केंद्र और दिल्ली सरकार के बीच समन्वय से प्रदूषण नियंत्रण की दिशा में चल रहे प्रयासों को और गति मिलने की उम्मीद है।





