प्रौद्योगिकी

Xiaomi ने लॉन्च की मशीन, वजन के साथ बताएगी शरीर की चर्बी

Tara Tandi
21 Sept 2026 12:03 PM IST
Xiaomi ने लॉन्च की मशीन, वजन के साथ बताएगी शरीर की चर्बी
x
नई दिल्ली: Xiaomi ने अपनी Mijia सीरीज में नया Body Fat Scale 4 Pro पेश किया है। यह कंपनी का पहला ऐसा बॉडी फैट स्केल है, जिसे बार-बार बैटरी बदलने के बजाय सीधे चार्ज किया जा सकता है। इसमें बिल्ट-इन बैटरी दी गई है और चार्जिंग के लिए USB Type-C पोर्ट मिलता है। Xiaomi के मुताबिक, एक बार चार्ज करने पर यह स्केल 150 दिनों तक काम कर सकता है। इसमें वजन के साथ शरीर से जुड़े आंकड़ों में समय के साथ होने वाले बदलाव को देखने की सुविधा भी दी गई है।
Xiaomi Mall ने Weibo पर इस नए स्केल की जानकारी दी है। चीन में Xiaomi Mall और Xiaomi Youpin पर इसकी क्राउडफंडिंग के लिए बुकिंग शुरू हुई है। क्राउडफंडिंग के दौरान इसकी कीमत 129 युआन यानी करीब 1,800 रुपये है। वहीं, क्राउडफंडिंग खत्म होने के बाद इसकी तय कीमत 199 युआन यानी करीब 2,800 रुपये होगी। चीन में इसकी बुकिंग 21 सितंबर सुबह 10 बजे से 23 सितंबर सुबह 9:59:59 बजे तक चलेगी।
Mijia Body Fat Scale 4 Pro में बिल्ट-इन लिथियम बैटरी दी गई है। इसे USB Type-C पोर्ट से चार्ज किया जा सकता है। Xiaomi का दावा है कि एक बार फुल चार्ज करने पर इसकी बैटरी 150 दिनों तक चल सकती है। हालांकि, कंपनी ने यह नहीं बताया है कि 150 दिनों का आंकड़ा कितनी बार वजन मापने के आधार पर निकाला गया है। इस स्केल में Body Data Trends फीचर दिया गया है। इसकी मदद से यूजर सिर्फ उस समय का वजन देखने के बजाय पुराने आंकड़ों के साथ तुलना कर सकता है। यानी समय के साथ वजन और शरीर से जुड़े माप में हुए बदलावों को एक साथ देखा जा सकेगा।
इसके अलावा इसमें Pet-Holding Weighing Mode भी दिया गया है, जिसका मतलब है कि व्यक्ति अपने पालतू जानवर को गोद में लेकर उसका वजन भी माप सकता है। Mijia Body Fat Scale 4 Pro में शरीर से जुड़े आंकड़े मापने के लिए Dual-Frequency Bioelectrical Impedance तकनीक का इस्तेमाल किया गया है। Xiaomi का दावा है कि इसके आंकड़ों का DEXA स्कैन के साथ संबंध 0.93 से ज्यादा है। DEXA एक ऐसी स्कैन तकनीक है, जिसका इस्तेमाल शरीर की बनावट और उसमें मौजूद फैट आदि को मापने के लिए किया जाता है।
Mijia Body Fat Scale 4 Pro की क्राउडफंडिंग फिलहाल चीन तक सीमित है। Xiaomi ने अभी भारत या दूसरे देशों में इसकी बिक्री को लेकर कोई जानकारी नहीं दी है। चीन में क्राउडफंडिंग के दौरान इसकी कीमत 129 युआन है, जबकि बाद में इसकी तय कीमत 199 युआन होगी।
Next Story