प्रौद्योगिकी

नगरीय निकाय चुनाव: नेता प्रतिपक्ष महंत ने EVM पर उठाए सवाल

Harrison
28 Jan 2025 11:44 PM IST
नगरीय निकाय चुनाव: नेता प्रतिपक्ष महंत ने EVM पर उठाए सवाल
x
छग
रायपुर। छत्तीसगढ़ के नेता प्रतिपक्ष डॉक्टर चरण दास महंत ने नगरीय निकाय चुनाव में ईवीएम के इस्तेमाल को लेकर गंभीर चिंता व्यक्त की है। कोरबा में मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि एक ही ईवीएम यूनिट में महापौर और पार्षद दोनों के लिए मतदान कराने की व्यवस्था से चुनाव परिणाम प्रभावित हो सकते हैं।
कांग्रेस के महापौर और पार्षद प्रत्याशियों के नामांकन रैली में शामिल होने पहुंचे डॉ. महंत ने कहा कि पार्टी को निकाय चुनाव में बड़ी सफलता मिलने वाली है। उन्होंने दावा किया कि पिछले 10 वर्षों से कोरबा नगर निगम में कांग्रेस का महापौर रहा है और इस बार भी उषा तिवारी की जीत सुनिश्चित है।
भाजपा पर हमला करते हुए उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार के एक साल के कार्यकाल में भ्रष्टाचार चरम पर पहुंच गया है। महिलाओं को स्वावलंबी बनाने के भाजपा के वादे भी खोखले साबित हुए हैं। उन्होंने यह भी बताया कि कांग्रेस के पास 6 मजबूत उम्मीदवार हैं, जो विभिन्न नगर निगमों में महापौर का पद जीतने की स्थिति में हैं। इनमें चिरमिरी और कोरबा प्रमुख हैं।
टिकट वितरण पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी ने सोच-समझकर उम्मीदवारों का चयन किया है। हालांकि, सभी को टिकट देना संभव नहीं था, लेकिन नाराज कार्यकर्ताओं को मनाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि जहां कांग्रेस के कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिल रहा है, वहीं भाजपा के कार्यकर्ता बिखरे हुए हैं।
Next Story