प्रौद्योगिकी

Toyota ने पेश की अपडेटेड Hilux, दमदार डिजाइन ने खींचा ध्यान

Saba Naaz
28 July 2026 8:53 PM IST
Toyota ने पेश की अपडेटेड Hilux, दमदार डिजाइन ने खींचा ध्यान
x

ऑटोमोबाइल्स: टोयोटा ने भारतीय बाजार में अपनी लोकप्रिय पिकअप Hilux का नया मॉडल लॉन्च कर दिया है। कंपनी ने नई पीढ़ी की Toyota Hilux को कई बड़े बदलावों के साथ पेश किया है। नई Hilux की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 31.99 लाख रुपये रखी गई है। कंपनी ने इस नए मॉडल में डिजाइन, इंटीरियर, टेक्नोलॉजी और सेफ्टी फीचर्स को पहले से ज्यादा बेहतर बनाया है।

नई Toyota Hilux को नौंवी पीढ़ी के मॉडल के तौर पर पेश किया गया है। इसमें पुराने IMV बॉडी-ऑन-फ्रेम प्लेटफॉर्म को बरकरार रखा गया है, जो इसे मजबूत और ऑफ-रोड क्षमता वाली गाड़ी बनाता है। इसके अलावा इसमें डबल कैब बॉडी स्टाइल भी दिया गया है, जिससे यह पिकअप वाहन के साथ-साथ एक प्रीमियम एसयूवी जैसा अनुभव भी देता है।

नई Hilux का एक्सटीरियर डिजाइन पहले से ज्यादा आकर्षक और आक्रामक बनाया गया है। इसके फ्रंट हिस्से में पतले LED हेडलैंप दिए गए हैं, जो इसे मॉडर्न लुक देते हैं। इसमें हनीकॉम्ब पैटर्न वाली बड़ी ग्रिल दी गई है, जिस पर पारंपरिक टोयोटा लोगो की जगह बड़े अक्षरों में Toyota लिखा गया है। इसके फ्रंट बंपर पर चौकोर ब्लैक एयर इंटेक्स दिए गए हैं, जो इसके स्पोर्टी डिजाइन को और बेहतर बनाते हैं।

गाड़ी के आगे वाले हिस्से में मजबूत क्रीज, बड़े एयर वेंट्स, सिल्वर स्किड प्लेट और LED फॉग लैंप दिए गए हैं। साइड प्रोफाइल में ब्लैक व्हील आर्च क्लैडिंग, नए डिजाइन के 17 इंच अलॉय व्हील, रोल बार और यात्रियों की सुविधा के लिए फुटबोर्ड शामिल किए गए हैं। ये बदलाव Hilux को ज्यादा रफ और प्रीमियम अपील देते हैं।

पीछे की तरफ भी कंपनी ने कई अपडेट किए हैं। इसमें सी-शेप LED टेल लैंप सिग्नेचर, टेलगेट पर Toyota की ब्रांडिंग और कार्गो बेड तक आसानी से पहुंचने के लिए इंटीग्रेटेड स्टेप वाला नया बंपर दिया गया है। नई Hilux को ग्राहकों के लिए छह रंगों में उपलब्ध कराया गया है। इसमें Sulphur Metallic, Platinum Pearl White Metallic, Attitude Black, Ash, Emotional Red और Super White जैसे कलर ऑप्शन शामिल हैं।

नई Hilux के इंटीरियर को भी पूरी तरह से अपडेट किया गया है। इसमें नया डैशबोर्ड डिजाइन दिया गया है, जिसमें 12.3 इंच का डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर और 12.3 इंच का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम मिलता है। इसमें Toyota लेटरमार्क वाला नया तीन-स्पोक स्टीयरिंग व्हील दिया गया है। ड्राइवर डिस्प्ले में चार अलग-अलग डिजाइन थीम का विकल्प मिलेगा, जबकि इंफोटेनमेंट सिस्टम Toyota Smart Connect तकनीक पर काम करता है।

फीचर्स के मामले में नई Hilux काफी एडवांस हो गई है। इसके केबिन में सॉफ्ट-टच लेदरेट और हार्ड प्लास्टिक का इस्तेमाल किया गया है, जिससे मजबूती के साथ प्रीमियम फील मिलता है। इसमें डुअल-जोन क्लाइमेट कंट्रोल, वायरलेस Apple CarPlay और Android Auto, वायरलेस चार्जिंग, कनेक्टेड कार टेक्नोलॉजी, पावर एडजस्टेबल और वेंटिलेटेड फ्रंट सीटें जैसे फीचर्स दिए गए हैं।

ऑफ-रोड ड्राइविंग को ध्यान में रखते हुए इसमें कई टेरेन मोड और फोर-व्हील-ड्राइव सेटिंग्स भी दी गई हैं। इसके अलावा नई Hilux में OTA अपडेट, 360 डिग्री कैमरा और एडवांस ड्राइवर असिस्टेंस सिस्टम यानी ADAS जैसे सुरक्षा फीचर्स शामिल किए गए हैं।

टोयोटा ने नई Hilux में मजबूती और आधुनिक तकनीक का संतुलन बनाने की कोशिश की है। भारतीय बाजार में यह पिकअप उन ग्राहकों को आकर्षित कर सकती है, जो एक ऐसी गाड़ी चाहते हैं जो खराब रास्तों पर भी बेहतर प्रदर्शन करे और साथ ही प्रीमियम फीचर्स भी उपलब्ध कराए। नई Hilux की लॉन्चिंग के साथ टोयोटा ने पिकअप सेगमेंट में अपनी स्थिति और मजबूत करने की कोशिश की है।

Next Story