प्रौद्योगिकी

बड़ी डिस्प्ले और दमदार बैटरी के साथ Redmi ला रहा नया स्मार्टफोन

Saba Naaz
27 July 2026 8:09 PM IST
बड़ी डिस्प्ले और दमदार बैटरी के साथ Redmi ला रहा नया स्मार्टफोन
x

नई दिल्ली। स्मार्टफोन बाजार में अपनी मजबूत पकड़ बनाए रखने वाली कंपनी शाओमी के सब-ब्रांड रेडमी ने अपने नए स्मार्टफोन Redmi Note 17 के भारत लॉन्च की पुष्टि कर दी है। कंपनी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक टीजर वीडियो जारी करते हुए इस अपकमिंग स्मार्टफोन की झलक दिखाई है। टीजर में फोन के डिजाइन और खासतौर पर इसकी लंबी बैटरी लाइफ को लेकर संकेत दिए गए हैं।

रेडमी ने अभी तक इस स्मार्टफोन की लॉन्च तारीख, कीमत और सभी स्पेसिफिकेशन की आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की है, लेकिन कंपनी के टीजर और मीडिया रिपोर्ट्स के आधार पर फोन को लेकर कई अहम जानकारियां सामने आ रही हैं। माना जा रहा है कि Redmi Note 17 को बड़ी डिस्प्ले, पावरफुल प्रोसेसर और लंबी बैटरी लाइफ के साथ भारतीय बाजार में उतारा जा सकता है।

भारत लॉन्च हुआ कन्फर्म

रेडमी ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर Redmi Note 17 का टीजर वीडियो जारी किया है। इसमें फोन का रियर पैनल नजर आ रहा है, जिसमें रेक्टेंगुलर कैमरा मॉड्यूल डिजाइन दिखाई दे रहा है। कंपनी ने टीजर में फोन की बैटरी क्षमता और लंबे समय तक चलने वाली बैटरी पर खास फोकस किया है।

हालांकि कंपनी ने अभी लॉन्च डेट की घोषणा नहीं की है, लेकिन कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि Redmi Note 17 को भारत में 6 अगस्त के आसपास लॉन्च किया जा सकता है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी बाकी है।

संभावित कीमत की जानकारी आई सामने

टेक रिपोर्ट्स के मुताबिक Redmi Note 17 की संभावित कीमत को लेकर भी जानकारी सामने आई है। टिपस्टर अभिषेक यादव के अनुसार, इस स्मार्टफोन का बेस मॉडल 6GB रैम और 128GB स्टोरेज के साथ करीब 30 हजार रुपये की कीमत में पेश किया जा सकता है।

वहीं इसका दूसरा वेरिएंट 8GB रैम और 128GB स्टोरेज के साथ लगभग 33 हजार रुपये में आने की उम्मीद जताई जा रही है। हालांकि कंपनी की ओर से कीमत को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है।

मिल सकते हैं दमदार स्पेसिफिकेशन

मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो Redmi Note 17 को Qualcomm Snapdragon 4 Gen 4 चिपसेट के साथ पेश किया जा सकता है। चीन में लॉन्च हुए मॉडल में यही प्रोसेसर दिया गया है। यह फोन एंड्रॉयड 16 आधारित HyperOS 3 ऑपरेटिंग सिस्टम पर काम करता है।

फोन में 7 इंच की Full HD Plus OLED डिस्प्ले मिलने की संभावना है। इसमें 120Hz रिफ्रेश रेट दिया जा सकता है, जिससे यूजर्स को स्क्रॉलिंग और गेमिंग के दौरान बेहतर अनुभव मिलेगा। बड़ी स्क्रीन के कारण यह फोन वीडियो देखने और गेम खेलने वालों के लिए आकर्षक विकल्प बन सकता है।

8000mAh बैटरी से लैस होगा फोन

Redmi Note 17 की सबसे बड़ी खासियत इसकी बैटरी बताई जा रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक इस स्मार्टफोन में 8000mAh की बड़ी बैटरी दी जा सकती है। इसके साथ 45W फास्ट चार्जिंग सपोर्ट मिलने की उम्मीद है।

इतनी बड़ी बैटरी के साथ फोन लंबे समय तक इस्तेमाल किया जा सकेगा। कंपनी का टीजर भी बैटरी लाइफ पर केंद्रित है, जिससे संकेत मिलता है कि रेडमी इस फीचर को फोन की बड़ी ताकत के रूप में पेश कर सकती है।

कैमरा और अन्य फीचर्स

फोटोग्राफी के लिए Redmi Note 17 में 50 मेगापिक्सल का रियर कैमरा दिया जा सकता है। वहीं सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए 8 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा मिलने की संभावना है।

इसके अलावा फोन में स्टीरियो स्पीकर, NFC सपोर्ट, IR ब्लास्टर और इन-डिस्प्ले फिंगरप्रिंट सेंसर जैसे फीचर्स भी दिए जा सकते हैं। स्टोरेज के मामले में चीन वाले मॉडल में 12GB तक रैम और 512GB तक स्टोरेज का विकल्प मिलता है।

भारतीय बाजार में Redmi Note 17 की एंट्री के बाद मिड-रेंज स्मार्टफोन सेगमेंट में मुकाबला और बढ़ सकता है। बड़ी बैटरी, OLED डिस्प्ले और नए प्रोसेसर के साथ यह फोन उन ग्राहकों को आकर्षित कर सकता है जो बेहतर परफॉर्मेंस और लंबी बैटरी लाइफ वाला स्मार्टफोन खरीदना चाहते हैं। अब सभी की नजर कंपनी की आधिकारिक लॉन्च डेट और कीमत की घोषणा पर टिकी हुई है।

Next Story