प्रौद्योगिकी

नेटफ्लिक्स की विज्ञापन सेवा के सब्सक्राइबर 9 करोड़ से हुए अधिक

Ashish verma
19 May 2025 1:00 PM IST
नेटफ्लिक्स की विज्ञापन सेवा के सब्सक्राइबर 9 करोड़ से हुए अधिक
x
नेटफ्लिक्स के लोकप्रिय कंटेंट में 'Squid Game' और 'Money Heist' शामिल

Technology प्रौद्योगिकी: लोकप्रिय वीडियो स्ट्रीमिंग सेवा नेटफ्लिक्स की विज्ञापन सदस्यता योजना का उपयोग करने वाले सब्सक्राइबरों की संख्या बढ़कर करीब 9.4 करोड़ हो गई है। पिछले साल नवंबर में यह आंकड़ा करीब सात करोड़ सब्सक्राइबर था। दुनिया के कई देशों में उपलब्ध नेटफ्लिक्स के 30 करोड़ से अधिक अंतरराष्ट्रीय सब्सक्राइबर हैं। पिछले महीने नेटफ्लिक्स ने कहा था कि नए साइन-अप में उसके विज्ञापन समर्थित प्लान की हिस्सेदारी करीब 55 फीसदी है। अंतरराष्ट्रीय यूजर्स की संख्या बढ़ाने के लिए इस स्ट्रीमिंग सेवा ने चालू साल की शुरुआत में ज्यादा भाषा विकल्प पेश किए। इसने डबिंग और सबटाइटल के विकल्प बढ़ाए हैं। नेटफ्लिक्स की लोकप्रिय सामग्री में दक्षिण कोरियाई ड्रामा सीरीज 'स्क्विड गेम' और स्पेनिश सीरीज 'मनी हाइस्ट' शामिल हैं।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हाल ही में विदेश में बनने वाली फिल्मों पर 100 फीसदी टैरिफ लगाने की चेतावनी दी थी। इसका मकसद अमेरिका में फिल्म निर्माण को बढ़ावा देना है। इससे नेटफ्लिक्स जैसी स्ट्रीमिंग सेवाओं को लेकर निवेशकों की आशंकाएं बढ़ गई थीं। कंपनी विज्ञापन को राजस्व का बड़ा स्रोत बनाने की योजना बना रही है। विज्ञापन कारोबार की हिस्सेदारी अपने प्रतिद्वंद्वियों के मुकाबले कम है। कई सालों तक नेटफ्लिक्स ने विज्ञापन के साथ टेलीविजन कंटेंट से दूरी बनाए रखी।
करीब दो साल पहले जब ग्राहकों की संख्या कम हुई तो नेटफ्लिक्स ने विज्ञापन जोड़े। नेटफ्लिक्स ने अपने विज्ञापन प्लान की कीमत कम रखी है। इसका फायदा भी कंपनी को मिल रहा है। अमेजन प्राइम जैसे इसके प्रतिद्वंद्वियों ने विज्ञापन पसंद न करने वाले यूजर्स से ज्यादा कीमत चुकाने को कहा था। इसके चलते बड़ी संख्या में उनके यूजर्स विज्ञापन प्लान की ओर शिफ्ट हो गए हैं। नेटफ्लिक्स ने नेशनल फुटबॉल लीग जैसे खेल आयोजनों के साथ लाइव प्रोग्रामिंग में भी निवेश किया है। इन आयोजनों में इसके सभी यूजर्स के लिए विज्ञापन पेश किए जाएंगे। इससे मार्केटर्स के लिए अतिरिक्त इन्वेंट्री भी बनेगी। भारत में नेटफ्लिक्स को टक्कर देने वाले जियो हॉटस्टार के 20 करोड़ से ज्यादा पेड सब्सक्राइबर हैं। लोकप्रिय क्रिकेट टूर्नामेंट इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के लाइव प्रसारण से जियो हॉटस्टार के सब्सक्राइबर्स की संख्या में तेजी से इजाफा हुआ है।
Next Story