- Home
- /
- प्रौद्योगिकी
- /
- माइक्रोसॉफ्ट ने...
प्रौद्योगिकी
माइक्रोसॉफ्ट ने इग्नाइट कॉन्फ्रेंस में एजेंटिक एआई टूल्स और कोपायलट वर्कस्पेस को किया लॉन्च
jantaserishta.com
18 Nov 2026 11:46 AM IST

x
नई दिल्ली: अमेरिका की दिग्गज टेक्नोलॉजी कंपनी माइक्रोसॉफ्ट ने बुधवार को अपने वार्षिक तकनीकी सम्मेलन ‘इग्नाइट’ में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) से जुड़े कई नए प्रोडक्ट्स, मॉडल और इन्फ्रास्ट्रक्चर अपग्रेड पेश किए।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) सत्या नडेला ने एआई के इस्तेमाल से कारोबार और उपयोगकर्ताओं के लिए वास्तविक परिणाम हासिल करने की कंपनी की रणनीति साझा की। यह घोषणा सॉफ्टवेयर क्षेत्र की दिग्गज कंपनी द्वारा माइक्रोसॉफ्ट 365 में आई बड़ी वैश्विक तकनीकी बाधा के कारणों का खुलासा करने के कुछ दिनों बाद की गई है।
नडेला ने एक्स पर लिखा, "आज इग्नाइट में हम जिन भी चीजों की घोषणा कर रहे हैं, उनके पीछे हमारा उद्देश्य तकनीकी प्रगति को लोगों, संगठनों और पूरे समाज के लिए वास्तविक परिणामों और नए अवसरों में बदलना है।"
इन घोषणाओं में सबसे प्रमुख ‘कोपायलट वर्कस्पेस’ रहा। यह एक ऐसा प्लेटफॉर्म है, जिसे साझा संदर्भ और समान उद्देश्यों के आधार पर लोगों तथा एआई एजेंट्स को मिलकर काम करने में सक्षम बनाने के लिए तैयार किया गया है।
कंपनी ने माइक्रोसॉफ्ट-डिसीजन 1.1, कोड 2 और साइबर 2 फ्लैश सहित कई नए एआई मॉडल भी पेश किए। कंपनी के अनुसार, साइबर 2 फ्लैश कम लागत पर अत्याधुनिक एआई मॉडल से बेहतर सुरक्षा क्षमताएं प्रदान करता है।
इसके अलावा, कंपनी ने अपने फाउंड्री प्लेटफॉर्म पर ओपनएआई के जीपीटी-6.2 को शामिल करके अपने मॉडल इकोसिस्टम का विस्तार किया है। इसके साथ ही मेटा के नवीनतम मॉडल भी इस प्लेटफॉर्म पर जोड़े गए हैं।
अन्य उत्पादों की लॉन्चिंग के तहत माइक्रोसॉफ्ट ने ‘एजेंट 365 बिजनेस एनालिटिक्स’ की घोषणा की। नडेला ने इसे एआई के लिए ईआरपी सिस्टम बताया, जो कंपनियों को एआई पर होने वाले खर्च को कारोबारी नतीजों से जोड़ने और निवेश पर रिटर्न को बेहतर बनाने में मदद करेगा।
नडेला ने कहा कि ‘माइक्रोसॉफ्ट परसेप्शन’ अब आम उपयोग के लिए उपलब्ध है। इसके जरिए सुरक्षा टीमें और एआई एजेंट्स मिलकर मशीन की गति से साइबर खतरों की पहचान कर सकेंगे और उनका जवाब दे सकेंगे।
कंपनी ने ‘एआई ट्रांसपेरेंसी इनिशिएटिव’ भी लॉन्च किया। माइक्रोसॉफ्ट ने कहा कि वह जवाबदेह, सत्यापन योग्य और सुरक्षित एआई सिस्टम के लिए खुले मानक विकसित करने के उद्देश्य से 40 से अधिक संगठनों के साथ काम कर रही है।
माइक्रोसॉफ्ट ने एज्योर पर अपनी डिस्ट्रिब्यूटेड पोस्टग्रेएसक्यूएल डेटाबेस सेवा ‘होराइजनडीबी’ को भी आम उपयोग के लिए उपलब्ध कराने की घोषणा की। कंपनी के अनुसार, यह सेवा खुद से प्रबंधित पोस्टग्रेएसक्यूएल सिस्टम की तुलना में आठ गुना तक बेहतर प्रदर्शन दे सकती है।
इसके अलावा, नडेला ने बताया कि माइक्रोसॉफ्ट बड़े पैमाने पर काम करने वाले एआई एजेंट्स को सपोर्ट देने के लिए एज्योर के मुख्य कंप्यूटिंग, स्टोरेज और नेटवर्किंग इंफ्रास्ट्रक्चर को नए सिरे से तैयार कर रही है।
कंपनी ने विभिन्न उद्योगों में अपने ग्राहकों और साझेदारों के साथ सहयोग को भी प्रमुखता से पेश किया। इनमें अलास्का एयर, एटीएंडटी, ब्लैकरॉक, बीएनवाई, शेवरॉन, एपिक, पब्लिसिस ग्रुप, सेल्सफोर्स और यूनिलीवर शामिल हैं।
इन उत्पादों की घोषणाएं माइक्रोसॉफ्ट 365 में आई एक बड़ी तकनीकी बाधा के एक सप्ताह से भी कम समय बाद हुई हैं। इस व्यवधान से दुनियाभर में टीम्स, वनड्राइव, शेयरपॉइंट और ऑफिस एप्लिकेशन जैसी सेवाएं प्रभावित हुई थीं।
माइक्रोसॉफ्ट ने बताया था कि यह तकनीकी बाधा सॉफ्टवेयर में छिपी एक खामी, ट्रैफिक में अचानक बढ़ोतरी और उपलब्ध सर्वर क्षमता में कमी के संयुक्त प्रभाव के कारण आई थी।
TagsMicrosoft
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





