- Home
- /
- प्रौद्योगिकी
- /
- IBM ने बंद की H-1B...
प्रौद्योगिकी
IBM ने बंद की H-1B वीज़ा और ग्रीन कार्ड स्पॉन्सरशिप, कर्मचारियों को अल्टीमेटम
Tara Tandi
26 Nov 2026 7:11 PM IST

x
नई दिल्ली: अमेरिका के टेक्नोलॉजी सेक्टर में काम कर रहे हजारों भारतीय प्रोफेशनल्स के सामने अनिश्चितता के बादल मंडरा रहे हैं। IBM ने अपने कंसल्टिंग डिवीजन के ज्यादातर पदों के लिए वर्क वीजा और ग्रीन कार्ड स्पॉन्सरशिप बंद करने का फैसला किया है। कंपनी ने प्रभावित कर्मचारियों से कहा है कि वे या तो विदेश (अमेरिका के बाहर) शिफ्ट हो जाएं या फिर 2026 के अंत तक कंपनी छोड़ दें।
यह फैसला IBM के सबसे बड़े बिजनेस डिवीजन, 'IBM कंसल्टिंग' पर लागू होता है, जिसमें दुनिया भर में 150,000 से ज्यादा लोग काम करते हैं। हालांकि, IBM ने यह नहीं बताया है कि इस नीतिगत बदलाव से कितने कर्मचारी प्रभावित होंगे, या उनमें से कितने अभी अमेरिका में काम कर रहे हैं।
इस कदम का असर H-1B वीजा धारकों और ग्रीन कार्ड का इंतजार कर रहे विदेशी प्रोफेशनल्स पर पड़ सकता है। इनमें से कई लोग अमेरिका में अपना वर्क स्टेटस बनाए रखने और वहां स्थायी रूप से बसने (परमानेंट रेजिडेंसी) के लिए अपने नियोक्ता (employer) की स्पॉन्सरशिप पर निर्भर हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, प्रभावित कर्मचारियों को यह तय करने के लिए तीन हफ्ते का समय दिया गया है कि वे अमेरिका के बाहर शिफ्ट होने का विकल्प चुनेंगे या नहीं। जो कर्मचारी शिफ्ट नहीं होना चाहते, उन्हें तीन महीने का 'सेवरेंस पैकेज' (नौकरी छूटने पर मिलने वाला मुआवजा) दिया जाएगा। उनके लिए काम का आखिरी दिन 31 दिसंबर, 2026 तय किया गया है।
IBM ने इस फैसले के पीछे बदलती बिजनेस जरूरतों और कुशल कामगारों की उपलब्धता में आए बदलावों का हवाला दिया है। कंपनी का कहना है कि पिछले कुछ वर्षों में अमेरिका के 'हाई-स्किल्ड वीजा प्रोग्राम' पर उसकी निर्भरता कम होती गई है।
IBM के एक प्रवक्ता ने बताया कि कंपनी पहले अमेरिका में टैलेंट की कमी को पूरा करने के लिए 'हाई-स्किल्ड वीजा प्रोग्राम' का इस्तेमाल करती थी, लेकिन धीरे-धीरे इसमें अपनी भागीदारी कम कर दी है।
प्रवक्ता ने कहा, "पिछले कई वर्षों से हमारी यह भागीदारी कम हो रही है। जैसे-जैसे स्किल्स की उपलब्धता और क्लाइंट्स की जरूरतें बदली हैं, हमने IBM कंसल्टिंग में ज्यादातर पदों के लिए वीजा और ग्रीन कार्ड स्पॉन्सरशिप को बंद करने का फैसला किया है।"
यह नीतिगत बदलाव ऐसे समय में आया है जब विदेशी टेक्नोलॉजी प्रोफेशनल्स - खासकर भारतीय कर्मचारी - अमेरिका में काम जारी रखने और वहां लंबे समय तक रहने (परमानेंट रेजिडेंसी पाने) के लिए पूरी तरह से अपने नियोक्ता (employer) द्वारा स्पॉन्सर किए जाने वाले इमिग्रेशन रास्तों पर निर्भर हैं।
Next Story





