- Home
- /
- प्रौद्योगिकी
- /
- SUV से लेकर सेडान तक...
SUV से लेकर सेडान तक दिखेगा स्पोर्टी परफॉर्मेंस का जलवा

New Delhi नई दिल्ली : भारतीय कार बाजार में अब सिर्फ माइलेज और फीचर्स ही नहीं, बल्कि परफॉर्मेंस और स्पोर्टी ड्राइविंग अनुभव भी ग्राहकों की पहली पसंद बनते जा रहे हैं। यही कारण है कि वाहन निर्माता कंपनियां नए और दमदार इंजन, स्पोर्टी डिजाइन और एडवांस फीचर्स वाली कारों पर लगातार फोकस कर रही हैं। आने वाले समय में भारतीय सड़कों पर पांच नई परफॉर्मेंस कारें नजर आ सकती हैं, जो अपने सेगमेंट में बड़ा बदलाव ला सकती हैं।
स्कोडा अपनी काइलाक स्पोर्टलाइन को सितंबर 2026 में लॉन्च कर सकती है। यह एसयूवी ब्लैक-आउट थीम और स्पोर्टी डिजाइन के साथ आएगी। इसमें 1.0-लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन मिलेगा और इसकी कीमत करीब 13.65 लाख रुपये हो सकती है।
निसान भी अपनी नई टेक्टॉन 1.3 को 9 जुलाई 2026 को पेश करने की तैयारी में है। यह मिड-साइज एसयूवी 1.3-लीटर टर्बो इंजन के साथ 160 bhp पावर जनरेट करेगी और मैनुअल व ऑटोमैटिक दोनों गियरबॉक्स विकल्पों में आएगी।
स्कोडा कोडियाक RS भी जल्द लॉन्च हो सकती है, जिसमें 2.0-लीटर टर्बो इंजन के साथ 263 bhp की पावर मिलेगी। यह SUV 6.3 सेकंड में 0 से 100 किमी/घंटा की स्पीड पकड़ सकती है और AWD सिस्टम से लैस होगी।
परफॉर्मेंस सेडान सेगमेंट में स्कोडा ऑक्टेविया RS की वापसी भी तय मानी जा रही है। इसमें 2.0-लीटर TSI इंजन और 263 bhp पावर के साथ 250 किमी/घंटा तक की टॉप स्पीड मिलेगी।
वहीं फोक्सवैगन गोल्फ GTI का दूसरा बैच भी भारत में आएगा, जो 5.9 सेकंड में 0 से 100 किमी/घंटा की रफ्तार पकड़ सकती है और 267 किमी/घंटा की टॉप स्पीड देने में सक्षम है।
विशेषज्ञों का कहना है कि भारतीय ग्राहकों की पसंद अब बदल रही है और वे सिर्फ फीचर्स ही नहीं, बल्कि स्पोर्टी लुक और हाई परफॉर्मेंस भी चाहते हैं। इसी वजह से SUV, सेडान और हॉट हैचबैक सेगमेंट में कंपनियां लगातार नए मॉडल पेश कर रही हैं।





