- Home
- /
- प्रौद्योगिकी
- /
- WhatsApp नए फीचर को...

Technology: व्हाट्सऐप जल्द ही एक नया यूजरनेम फीचर लॉन्च करने की तैयारी में है, जिसके तहत यूजर्स बिना मोबाइल नंबर साझा किए केवल यूजरनेम के जरिए एक-दूसरे से जुड़ सकेंगे। यह बदलाव प्राइवेसी के लिहाज से बड़ा माना जा रहा है, लेकिन इसी के साथ इसे लेकर भारत सरकार ने भी सतर्कता दिखाई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, केंद्र सरकार इस फीचर की सुरक्षा और संभावित साइबर फ्रॉड के जोखिमों की समीक्षा करने की तैयारी कर रही है।
सरकारी सूत्रों के अनुसार, यह जांच की जाएगी कि मोबाइल नंबर छिपने के बाद क्या फर्जी पहचान बनाना और ऑनलाइन ठगी करना और आसान हो सकता है या नहीं। यदि किसी तरह की गंभीर सुरक्षा खामी सामने आती है तो सरकार मेटा से जवाब भी मांग सकती है।
व्हाट्सऐप का यह नया सिस्टम यूजर्स को एक यूनिक यूजरनेम बनाने की सुविधा देगा, जो 3 से 35 कैरेक्टर का हो सकता है। यूजर्स चाहें तो इसे बदल या हटा भी सकेंगे। इसके साथ ही कंपनी एक वैकल्पिक “यूजरनेम की” भी देने की योजना बना रही है, जिससे अतिरिक्त सुरक्षा मिलेगी और केवल भरोसेमंद लोग ही संपर्क कर सकेंगे।
कंपनी का कहना है कि एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन पहले की तरह जारी रहेगा और चैट पूरी तरह सुरक्षित रहेंगी। हालांकि विशेषज्ञों ने चिंता जताई है कि इस फीचर का दुरुपयोग भी हो सकता है। साइबर अपराधी किसी मशहूर व्यक्ति, बैंक या संस्था जैसा नाम बनाकर लोगों को धोखा दे सकते हैं।
डिजिटल सुरक्षा विशेषज्ञों का कहना है कि टेलीग्राम जैसे प्लेटफॉर्म पर यूजरनेम सिस्टम के दुरुपयोग के उदाहरण पहले भी सामने आ चुके हैं। ऐसे में भारत जैसे बड़े यूजर बेस वाले देश में मजबूत सुरक्षा व्यवस्था जरूरी है।
अगर यह फीचर सही तरीके से लागू होता है तो यूजर्स को प्राइवेसी का फायदा मिलेगा और मोबाइल नंबर शेयर करने की जरूरत कम हो जाएगी। लेकिन साथ ही यूजर्स को भी अनजान यूजरनेम से आने वाले मैसेज को लेकर सावधानी बरतनी होगी और संदिग्ध अकाउंट्स को ब्लॉक या रिपोर्ट करने की सलाह दी जा रही है।





