प्रौद्योगिकी

टाटा-MG-महिंद्रा की बिक्री में बड़ी बढ़त

Saba Naaz
3 July 2026 4:28 PM IST
टाटा-MG-महिंद्रा की बिक्री में बड़ी बढ़त
x

Technology: भारत में इलेक्ट्रिक कारों की बिक्री ने जून 2026 में नया रिकॉर्ड बनाया है। देश में पहली बार एक ही महीने में 30 हजार से ज्यादा इलेक्ट्रिक पैसेंजर व्हीकल्स की बिक्री दर्ज की गई। यह आंकड़ा इस बात का संकेत है कि भारतीय बाजार में इलेक्ट्रिक वाहनों की मांग तेजी से बढ़ रही है। जून 2025 में जहां कुल 15,203 यूनिट्स की बिक्री हुई थी, वहीं इस साल जून में यह बढ़कर 30 हजार से अधिक पहुंच गई, जो लगभग 106 फीसदी की सालाना वृद्धि दर्शाता है।

वाहन उद्योग के ताजा आंकड़ों के अनुसार, मई 2026 में 27,977 इलेक्ट्रिक कारें बिकी थीं, जबकि जून में यह संख्या करीब 12 फीसदी बढ़ गई। खास बात यह रही कि 2026 में अब तक पांच महीने ऐसे रहे हैं, जब इलेक्ट्रिक कारों की बिक्री 20 हजार यूनिट्स से ऊपर रही है। यह लगातार बढ़ती मांग को दिखाता है।

इस तेजी में टाटा मोटर्स और महिंद्रा एंड महिंद्रा का बड़ा योगदान रहा है। टाटा मोटर्स ने एक बार फिर 10 हजार से ज्यादा इलेक्ट्रिक वाहनों की बिक्री दर्ज कर बाजार में अपनी मजबूत पकड़ बनाए रखी है। वहीं महिंद्रा एंड महिंद्रा ने भी पहली बार एक महीने में 7 हजार से ज्यादा इलेक्ट्रिक एसयूवी बेचने का रिकॉर्ड बनाया है। यह कंपनी के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।

जेएसडब्ल्यू-एमजी मोटर इंडिया ने भी जून में अच्छा प्रदर्शन करते हुए 5,785 इलेक्ट्रिक कारों की बिक्री दर्ज की है। मारुति सुजुकी ने अपने इलेक्ट्रिक पोर्टफोलियो के साथ 1,896 यूनिट्स बेचीं। इसके अलावा विनफास्ट ने 1,394 यूनिट्स और बीवाईडी समेत अन्य कंपनियों ने भी बेहतर प्रदर्शन किया, हालांकि इनकी बिक्री एक हजार यूनिट्स से कम रही।

ऑटो सेक्टर के विशेषज्ञों का मानना है कि इलेक्ट्रिक कारों की बढ़ती मांग के पीछे कई कारण हैं। बेहतर ड्राइविंग रेंज, फास्ट चार्जिंग नेटवर्क का विस्तार, नई टेक्नोलॉजी और लगातार नए मॉडल्स की लॉन्चिंग ने ग्राहकों का भरोसा बढ़ाया है। साथ ही सरकार की ईवी को बढ़ावा देने वाली नीतियां और चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर में हो रहा निवेश भी इस सेक्टर को मजबूती दे रहा है।

विशेषज्ञों का यह भी कहना है कि आने वाले समय में इलेक्ट्रिक कारों का बाजार और तेजी से बढ़ेगा, क्योंकि कई नई इलेक्ट्रिक एसयूवी और प्रीमियम मॉडल्स लॉन्च होने की तैयारी में हैं। इससे आने वाले महीनों में बिक्री के नए रिकॉर्ड बन सकते हैं और भारतीय ऑटो सेक्टर में इलेक्ट्रिक वाहनों की हिस्सेदारी और बढ़ने की संभावना है।

Next Story