प्रौद्योगिकी

Apple का Foldable iPhone Duo लॉन्च, पहली बार Dual Battery, iPhone 18 Pro में DSLR जैसी टेक्नोलॉजी

jantaserishta.com
10 Sept 2026 1:53 PM IST
Apple का Foldable iPhone Duo लॉन्च, पहली बार Dual Battery, iPhone 18 Pro में DSLR जैसी टेक्नोलॉजी
x
नई दिल्ली: एपल ने आखिरकार अपने पहले फोल्डेबल आईफोन से पर्दा उठा दिया है। कंपनी ने अपने वार्षिक लॉन्च इवेंट में iPhone Duo के साथ iPhone 18 Pro और iPhone 18 Pro Max भी पेश किए। फोल्डेबल फोन की कीमत करीब 3 लाख रुपए से शुरू होगी और टॉप मॉडल की कीमत 4.50 लाख रुपए तक जा सकती है। खास बात यह है कि Duo में पहली बार डुअल-बैटरी सिस्टम दिया गया है और इसमें फिजिकल SIM कार्ड का इस्तेमाल नहीं किया जा सकेगा।
5.4 इंच की कवर स्क्रीन, अंदर 7.6 इंच का डिस्प्ले
iPhone Duo को फोल्डेबल डिजाइन के साथ तैयार किया गया है। फोन के बाहर 5.4 इंच का कवर डिस्प्ले दिया गया है, जबकि इसे खोलने पर 7.6 इंच की मुख्य स्क्रीन मिलती है। कंपनी के मुताबिक यह किसी भी आईफोन में दिया गया अब तक का सबसे बड़ा डिस्प्ले है।
बड़ी स्क्रीन का इस्तेमाल मल्टीटास्किंग के लिए भी किया जा सकेगा। यूजर एक साथ दो ऐप चला सकता है, जिससे इसका अनुभव छोटे टैबलेट जैसा हो सकता है। डिजाइन और बड़े डिस्प्ले के कारण कंपनी इसे अपने प्रीमियम सेगमेंट के सबसे खास डिवाइस के तौर पर पेश कर रही है।
पहली बार डुअल बैटरी सिस्टम
फोल्डेबल आईफोन में एपल ने बैटरी को लेकर भी बड़ा बदलाव किया है। iPhone Duo में डुअल-बैटरी सिस्टम दिया गया है। यानी फोन के अंदर दो बैटरी यूनिट का इस्तेमाल किया गया है।
एक और बड़ा बदलाव SIM को लेकर है। इस फोन में फिजिकल SIM कार्ड लगाने का विकल्प नहीं होगा। यह केवल eSIM के जरिए मोबाइल नेटवर्क से कनेक्ट होगा। भारत में फोन की बुकिंग 16 अक्टूबर से शुरू होगी, जबकि बिक्री 23 अक्टूबर से शुरू होने की जानकारी दी गई है।
A20 Pro प्रोसेसर और नया iOS 27
iPhone Duo में एपल का नया A20 Pro प्रोसेसर दिया गया है। इसके साथ कंपनी का नया iOS 27 ऑपरेटिंग सिस्टम मिलेगा। इसका उद्देश्य फोल्डेबल स्क्रीन के साथ बेहतर परफॉर्मेंस और मल्टीटास्किंग अनुभव देना है।
कैमरा करेगा कमाल DSLR को देगा टक्कर
फोल्डेबल आईफोन के साथ एपल ने iPhone 18 सीरीज के प्रीमियम मॉडल भी लॉन्च किए हैं। इस बार कंपनी ने iPhone 18 Pro और iPhone 18 Pro Max पर खास फोकस किया है।
इन दोनों फोन की सबसे बड़ी खासियत इनके कैमरा सिस्टम को बताया जा रहा है। मेन कैमरे में पहली बार DSLR कैमरों में इस्तेमाल होने वाली वैरिएबल अपर्चर तकनीक दी गई है। इससे अलग-अलग रोशनी की परिस्थितियों में कैमरा सेंसर तक पहुंचने वाली रोशनी को नियंत्रित करने में मदद मिल सकती है।
भारत में iPhone 18 Pro की शुरुआती कीमत 1,64,900 रुपए और iPhone 18 Pro Max की कीमत 1,79,900 रुपए बताई गई है। इनकी बुकिंग 12 सितंबर से और बिक्री 18 सितंबर से शुरू होगी।
Siri AI में भी कई बड़े बदलाव
एपल ने Siri को भी पहले से ज्यादा स्मार्ट बनाने की कोशिश की है। अब Siri स्क्रीन पर दिखाई दे रही चीजों को समझकर उससे जुड़े काम करने में सक्षम होगी। यह ईमेल, मैसेज और कैलेंडर से जानकारी लेकर यूजर को जरूरी जवाब दे सकेगी।
Siri ऐप के अंदर जाकर कुछ काम भी कर सकेगी, जैसे फोटो में बदलाव करना या किसी को तैयार कंटेंट भेजना। यूजर Siri से बोलने के बजाय टाइप करके भी कमांड दे सकेगा। इसके अलावा मुश्किल सवालों और दूसरे कामों के लिए ChatGPT की मदद लेने का विकल्प भी दिया गया है।
कीमत के मामले में बेहद प्रीमियम Duo
iPhone Duo एपल का अब तक का सबसे महंगा आईफोन बताया जा रहा है। करीब 3 लाख रुपए की शुरुआती कीमत इसे आम स्मार्टफोन से काफी अलग प्रीमियम कैटेगरी में रखती है। वहीं टॉप मॉडल की कीमत करीब 4.50 लाख रुपए तक पहुंच सकती है।
फोल्डेबल स्क्रीन, डुअल बैटरी, eSIM-only डिजाइन और नए प्रोसेसर के साथ एपल ने इस फोन को अपनी नई टेक्नोलॉजी के प्रदर्शन के तौर पर पेश किया है। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या ग्राहक इतनी ज्यादा कीमत देकर एपल के इस नए फोल्डेबल अनुभव को अपनाएंगे।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story