खेल

यासर डोगू अंतरराष्ट्रीय कुश्ती टूर्नामेंट: चार स्वर्ण और एक कांस्य के साथ तुर्की में भारतीय महिला पहलवानों का जलवा

jantaserishta.com
28 Jun 2025 3:22 PM IST
यासर डोगू अंतरराष्ट्रीय कुश्ती टूर्नामेंट: चार स्वर्ण और एक कांस्य के साथ तुर्की में भारतीय महिला पहलवानों का जलवा
x
नई दिल्ली: भारतीय महिला पहलवानों ने अंतरराष्ट्रीय कुश्ती मंच पर अपना दबदबा कायम रखा है। तुर्की में आयोजित 'यासर डोगू अंतरराष्ट्रीय कुश्ती टूर्नामेंट' में भारत ने छह महिला पहलवानों का दल भेजा, जिसने शानदार प्रदर्शन किया है।
छह में से पांच भारतीय महिला पहलवानों ने चार स्वर्ण और एक कांस्य पदक जीतकर पदक जीते हैं, जिसके साथ भारत ओवरऑल टीम रैंकिंग में उप-विजेता रहा। यासर डोगू अंतरराष्ट्रीय कुश्ती टूर्नामेंट में केवल छह पहलवानों ने हिस्सा लिया, लेकिन इसके बावजूद भारत ने यहां दमदार प्रदर्शन किया है। इस टूर्नामेंट में मेजबान तुर्की ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि कजाकिस्तान तीसरे स्थान पर रहा।
भारत की ओर से पुष्पा ने 55 किलोग्राम वर्ग में स्वर्ण पदक जीता, जबकि नेहा ने 57 किलोग्राम वर्ग में शीर्ष स्थान हासिल किया। वहीं, मनीषा ने 62 किलोग्राम वर्ग में दबदबा बनाते हुए स्वर्ण पदक जीता, जबकि हर्षिता ने 72 किलोग्राम वर्ग में एक और स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इनके अलावा नीलम ने भी पदक जीतने में योगदान दिया है। उन्होंने 50 किलोग्राम वर्ग में कांस्य पदक जीता, जिससे भारतीय दल का प्रदर्शन सफल रहा।
इससे पहले, भारतीय अंडर-17 पहलवानों ने वियतनाम के वुंग ताऊ में अंडर-17 एशियाई कुश्ती चैंपियनशिप में तीन स्वर्ण सहित पांच पदक जीते, लेकिन ओवरऑल टीम रैंकिंग में टॉप-3 से बाहर रहे। भारतीय फ्रीस्टाइल दल ने धैर्य, दृढ़ संकल्प और तकनीकी उत्कृष्टता का प्रदर्शन करते हुए तीन स्वर्ण और दो कांस्य सहित कुल पांच पदक हासिल किए।
हालांकि, टीम टॉप-3 में जगह बनाने से चूक गई और ट्रॉफी नहीं जीत सकी, लेकिन एथलीट्स का प्रदर्शन, विशेष रूप से भारी वजन श्रेणियों में, असाधारण और सराहनीय रहा। भारत की ओर से 65 किलोग्राम वर्ग में गौरव पुनिया, 92 किलोग्राम में अर्जुन रुहिल और 110 किलोग्राम में लैकी ने स्वर्ण पदक जीते। इनके अलावा 45 किलोग्राम वर्ग में शिवम और 51 किलोग्राम वर्ग में धनराज गणपति ने दो कांस्य पदक पर अपना कब्जा जमाया।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story