खेल

महिला विश्व कप : भारत-साउथ अफ्रीका के बीच खिताबी मैच, दुनिया को मिलेगा नया चैंपियन

jantaserishta.com
1 Nov 2025 12:48 PM IST
महिला विश्व कप : भारत-साउथ अफ्रीका के बीच खिताबी मैच, दुनिया को मिलेगा नया चैंपियन
x
नवी मुंबई: महिला वर्ल्ड कप 2025 में इतिहास रचने जा रहा है। रविवार को भारत और साउथ अफ्रीका के बीच खिताबी मैच डीवाई पाटिल स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मुकाबले के साथ एक नई टीम महिला वनडे विश्व कप विजेता बनेगी।
भारतीय टीम साल 2005 और 2017 के बाद तीसरी बार वनडे विश्व कप फाइनल खेलने जा रही है। घरेलू मैदान पर टीम इंडिया को खिताब जीतने का प्रबल दावेदार माना जा रहा है। महिला वनडे वर्ल्ड कप में ऐसा पांचवीं बार है, जब मेजबान टीम खिताबी मुकाबला खेल रही है। इससे पहले ऑस्ट्रेलिया (1988), इंग्लैड (1993 और 2017) और न्यूजीलैंड (2000) ऐसा कर चुका है।
भारतीय टीम इस विश्व कप 7 में से 3 मुकाबले जीतकर सेमीफाइनल में पहुंची है। सेमीफाइनल मैच में टीम इंडिया ने मजबूत ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 5 विकेट से जीत दर्ज की। ये वही ऑस्ट्रेलियाई टीम थी, जिसने ग्रुप चरण में एक भी मुकाबला नहीं गंवाया था।
वहीं, साउथ अफ्रीकी टीम 7 में से 5 मुकाबले जीतकर सेमीफाइनल में पहुंची। सेमीफाइनल मैच में इस टीम ने इंग्लैंड के खिलाफ 125 रन से जीत दर्ज करते हुए खिताबी मुकाबले में जगह बनाई। इस मुकाबले में टीम इंडिया को बल्लेबाजी में स्मृति मंधाना, जेमिमा रोड्रिगेज और हरमनप्रीत कौर से खासा उम्मीदें होंगी। वहीं, दीप्ति शर्मा और श्री चरणी गेंदबाजी में अपना जलवा दिखा सकती हैं।
दूसरी ओर, साउथ अफ्रीकी खेमे को बल्लेबाजी में कप्तान लौरा वोल्वार्ड्ट और ताजमिन ब्रित्स से उम्मीदें होंगी। गेंदबाजी में मारिजैन कप्प और नॉनकुलुलेको म्लाबा मेजबान टीम को परेशान कर सकती हैं। भारत और साउथ अफ्रीका की महिला टीमों के बीच साल 1997 से अब तक कुल 34 वनडे मैच खेले गए हैं, जिसमें टीम इंडिया का पलड़ा भारी रहा। भारत ने 20 मैच अपने नाम किए, जबकि साउथ अफ्रीका को 13 मुकाबलों में जीत मिली। एक मैच बेनतीजा रहा।
डीवाई पाटिल स्टेडियम में बल्लेबाजी आसान नजर आई है। यहां टीमें टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करना पसंद करती हैं। रविवार को आसमान में बादल नजर आएंगे। यहां अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस, जबकि न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। अगर बारिश की वजह से रविवार को मैच पूरा नहीं होता, तो 3 नवंबर को 'रिजर्व डे' के तौर पर रखा गया है। दोनों ही दिन बारिश की आशंका है।
महिला विश्व कप 2025 का फाइनल मुकाबला भारतीय समय के अनुसार दोपहर 3 बजे से शुरू होगा। टॉस आधा घंटे पहले होगा। इस मैच का लाइव टेलीकास्ट स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर होगा, जबकि लाइव स्ट्रीमिंग जियोहॉटस्टार पर उपलब्ध होगी।
भारत की टीम : हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना, हरलीन देओल, जेमिमा रोड्रिगेज, ऋचा घोष, रेणुका सिंह ठाकुर, दीप्ति शर्मा, स्नेह राणा, क्रांति गौड़, श्री चरणी, राधा यादव, अमनजोत कौर, अरुंधति रेड्डी, उमा छेत्री, शेफाली वर्मा।
साउथ अफ्रीका की टीम : लौरा वोल्वार्ड्ट (कप्तान), अयाबांगा खाका, क्लो ट्रायॉन, नादिन डी क्लार्क, मारिजैन कप्प, ताजमिन ब्रित्स, सिनालो जाफ्ता (विकेटकीपर), नॉनकुलुलेको म्लाबा, एनेरी डर्कसेन, ऐनी बॉश, मसबत क्लास, सुने लुस, कराबो मेसो, तुमी सेखुखुने, नोंदुमिसो शांगसे।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story