खेल
महिला प्रीमियर लीग: नंदनी शर्मा ने की दीप्ति शर्मा की बराबरी, हैट्रिक लेने वाली चौथी गेंदबाज बनीं
jantaserishta.com
12 Jan 2026 12:24 PM IST

x
नई दिल्ली: महिला प्रीमियर लीग 2026 में रविवार को एक रोमांचक मुकाबला नवी मुंबई में दिल्ली कैपिटल्स और गुजरात जायंट्स के बीच खेला गया। इस मैच में दिल्ली कैपिटल्स को हार का सामना करना पड़ा, लेकिन दिल्ली कैपिटल्स की गेंदबाज नंदनी शर्मा ने अपने प्रदर्शन से सबका ध्यान खींचा। नंदनी ने हैट्रिक सहित 5 विकेट लिए। आइए जानते हैं कि नंदनी शर्मा कौन हैं।
नंदनी शर्मा का जन्म 20 सितंबर 2001 को चंडीगढ़ में हुआ था। दाएं हाथ की इस प्रभावशाली तेज गेंदबाज को दिल्ली कैपिटल्स ने नीलामी में 20 लाख में खरीदा था। दिल्ली कैपिटल्स के भरोसे पर नंदनी शर्मा पूरी तरह से खरी उतरी हैं। गुजरात जायंट्स के खिलाफ खेले गए मैच में दिल्ली कैपिटल्स के सारे गेंदबाज प्रभावहीन नजर आए, लेकिन नंदनी ने अपनी गेंदबाजी से गुजरात के बल्लेबाजों को परेशान किया। नंदनी ने 4 ओवर में 33 रन देकर 5 विकेट लिए।
नंदनी ने गुजरात जायंट्स की मजबूत बैटिंग लाइन-अप को झकझोर दिया। उन्होंने 95 रन पर खेल रही सोफी डिवाइन को आउट कर अपना पहला विकेट लिया, जो गुजरात की पारी के लिए बड़ा झटका था। इसके बाद नंदनी आखिरी ओवर में गेंदबाजी करने लौटीं और वहीं मैच का सबसे नाटकीय पल देखने को मिला। गुजरात की पारी के अंतिम ओवर में नंदनी ने चार विकेट चटकाए, जिसमें एक यादगार हैट्रिक भी शामिल थी। इस हैट्रिक में पहले कनिका आहूजा स्टंप आउट हुईं, जब वह आगे बढ़कर बड़ा शॉट खेलने की कोशिश कर रही थीं। अगली गेंद पर नंदनी ने राजेश्वरी गायकवाड़ को क्लीन बोल्ड किया और फिर आखिरी गेंद पर रेणुका ठाकुर के स्टंप्स उखाड़कर महिला प्रीमियर लीग में बड़ी उपलब्धि हासिल की।
महिला प्रीमियर लीग के इतिहास में हैट्रिक लेने वाली नंदनी दूसरी भारतीय गेंदबाज हैं। उनसे पहले दीप्ति शर्मा ये उपलब्धि हासिल कर चुकी हैं। इसके अलावा इंग्लैंड की इस्सी वोंग और ऑस्ट्रेलिया की ग्रेस हैरिस के नाम भी महिला प्रीमियर लीग में हैट्रिक लेने का रिकॉर्ड है।
नंदनी शर्मा के प्रदर्शन में अगर निरंतरता रही तो वे जल्द ही भारतीय महिला क्रिकेट टीम का हिस्सा हो सकती हैं।
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





