खेल

क्या IPL नहीं खेलेंगे महेंद्र सिंह धोनी?, क्रिकेटर ने दिया ये जवाब

Nilmani Pal
20 Nov 2021 12:11 PM GMT
क्या IPL नहीं खेलेंगे महेंद्र सिंह धोनी?, क्रिकेटर ने दिया ये जवाब
x

भारतीय टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने 40 साल की उम्र में भी चेन्नई सुपर किंग्स को चौथा आईपीएल खिताब जिताकर यह साबित कर दिया है कि उम्र महज एक संख्या है। आईपीएल 2021 का फाइनल मैच खत्म होने के बाद सभी के मन में यही सवाल था कि क्या धोनी अगले साल भी इस लीग में खेलते नजर आएंगे या नहीं। इसके अलावा एक सवाल यह भी है कि क्या माही अगले सीजन भी चेन्नई सुपर किंग्स की तरफ से दिखाई देंगे या फिर मेगा ऑक्शन में नई टीम का दामन थाम लेंगे। इन सभी सवालों के बीच उनसे एक बार फिर आईपीएल 2022 में खेलने को लेकर पूछा गया, जिसके जवाब में उन्होंने कहा कि अभी तक इसके बारे में सोचा नहीं है। चेन्नई में एक इवेंट में 'एएनआई' से बात करते हुए उन्होंने कहा कि अभी आईपीएल 2022 शुरू होने में काफी महीने बचे हुए हैं। टूर्नामेंट अब अप्रैल में होना है, जबकि अभी नवंबर चल रहा है।

धोनी ने आईपीएल फाइनल के बाद फैंस को शुक्रिया कहते हुए कहा था, ''मैं फैन्स को धन्यवाद देना पसंद करूंगा। जहां भी हम खेले हैं, यहां तक ​​कि जब हम दक्षिण अफ्रीका में थे, तब भी हमारे पास सीएसके फैन्स की अच्छी संख्या थी। आप उसी के लिए तरसते हैं। उन सभी की बदौलत ऐसा लगता है कि हम चेन्नई में खेल रहे हैं। उम्मीद है कि हम फैन्स के लिए चेन्नई वापस आएंगे।'' हाल में में सीएसके मैनजमेंट ने धोनी को मेगा ऑक्शन में रिटेन करने की पुष्टि की थी। सीएसके के एक अधिकारी ने कहा कि रिटेन कोई ऐसी चीज नहीं है, जिसके बारे में हम नहीं जानते हैं। धोनी के मामले में यह कोई महत्व नहीं रखता है। उनके केस में वह सेकेंडरी चीज होगी।

चेन्नई को चौथी बार आईपीएल खिताब दिलाने के बाद धोनी के संन्यास लेने और आईपीएल 2022 में नहीं खेलने की चर्चाएं जोरों-शोरों पर थीं। तब सीएसके के मालिक एन श्रीनिवासन ने साफ किया था कि धोनी के बिना चेन्नई सुपर किंग्स टीम की कल्पना भी नहीं की जा सकती है। उन्होंने कहा, ''धोनी सीएसके, चेन्नई और तमिलनाडु का अहम अंग हैं। धोनी के बिना कोई सीएसके नहीं है और सीएसके के बिना धोनी नहीं है।'' बता दें कि धोनी साल 2008 से ही इस टीम का हिस्सा हैं और उनकी अगुवाई में टीम इस साल के अलावा 2010, 2011, 2018 में भी चैंपियन बनने में सफल रही है।


Next Story