
जनता से रिश्ता वेबडेस्क। टेस्ट क्रिकेट में एक-एक रन के लिए बल्लेबाज को पूरी जान लगानी होती है. वहीं गेंदबाज एक-एक रन बचाने के लिए ऐसा ही करते हैं. क्या हो अगर कोई गेंदबाज लगातार 21 मेडन डाल दे तो? हैरानी होगी ना. मगर ऐसा हो चुका है. भारत के पूर्व ऑलराउंडर बापू नाडकर्णी (Bapu Nadkarni) ने 57 साल पहले यह कारनामा किया था. उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ 1964 में मद्रास टेस्ट में लगातार 21 मेडन ओवर डाले थे. उन्होंने इंग्लैंड की पहली पारी में यह कारनामा किया. इंग्लैंड की पारी के बाद उनके आंकड़े थे 32-27-5-0. यानी उन्होंने 32 ओवर गेंदबाजी की और इनमें से 27 ओवर मेडन फेंके. उनके जिन पांच ओवर में रन गए उनमें भी केवल पांच ही रन गए. यानी हर ओवर में केवल एक रन. उन्हें कोई विकेट नहीं मिला लेकिन उनकी कंजूसी भरी गेंदबाजी की मदद से बाकी गेंदबाजों ने विकेट झटके. इसके चलते भारत को पहली पारी में 140 रन की अहम बढ़त मिली. इस मैच की दूसरी पारी में नाडकर्णी ने छह ओवर फेंके और चार मेडन व छह रन के साथ दो विकेट चटकाए.





