खेल
'हम हर बार करीब आकर हार जाते थे', पहले मैच में मिली जीत के बाद बोले महेला जयवर्धने
jantaserishta.com
30 March 2026 2:20 PM IST

x
नई दिल्ली: मुंबई इंडियंस आखिरकार 13 साल बाद आईपीएल सीजन का शुरुआती मुकाबला जीतने में सफल रही। रविवार को वानखेड़े के मैदान पर मुंबई ने कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) को 6 विकेट से हराया। साल 2013 से चले आ रहे इस हार के सिलसिले को तोड़ने के बाद टीम के हेड कोच महेला जयवर्धने काफी खुश नजर आए। उन्होंने कहा कि पिछले 13 सीजन में हम हर बार जीत के करीब पहुंचकर हार जा रहे थे।
जयवर्धने ने टूर्नामेंट के पहले मैच में मिली जीत को आंकड़ों के साथ-साथ मानसिक तौर पर भी एक बड़ी कामयाबी बताया। उल्लेखनीय है कि आईपीएल में मुंबई ने साल 2012 के बाद सीजन के पहले मुकाबले में जीत दर्ज की है। पिछले 13 साल से पांच बार की चैंपियन टीम टूर्नामेंट के पहले मुकाबले में हारती चली आ रही थी।
जयवर्धने ने 'जियोस्टार' से बात करते हुए कहा, "2012 के बाद नए आईपीएल सीजन का पहला मैच न जीत पाना एक ऐसी बात थी जिसके बारे में हम हमेशा ड्रेसिंग रूम में बात करते थे। हम पिछले 13 सीजन में हर शुरुआती मैच में जीत के करीब पहुंचते थे, लेकिन हम कभी भी जीत हासिल नहीं कर पाए थे। मुझे लगता है कि केकेआर के खिलाफ मिली यह जीत काफी शानदार है। केकेआर ने जब पहले बल्लेबाजी करते हुए 220 रन बनाए, तो मैं थोड़ा नर्वस हो गया था, लेकिन विकेट बैटिंग के लिए काफी अच्छा था और रोहित-रिकेल्टन की तूफानी बल्लेबाजी के चलते हम इस मैच को आसानी से जीतने में सफल रहे। मैं इस जीत और आईपीएल सीजन में पहला मैच हारने के सिलसिले के टूटने से बेहद खुश हूं।"
जयवर्धने ने रोहित शर्मा की भी जमकर प्रशंसा की। उन्होंने कहा, "रोहित कैंप के पहले दिन से ही हमारे साथ जुड़ गए थे। उनका पूरा ध्यान तैयारियों पर था और वह काफी तरोताजा थे। उन्होंने कुछ अच्छे मैच और प्रैक्टिस गेम भी खेले थे, जिससे उन्हें अपनी तैयारियों को पुख्ता करने में मदद मिली। रोहित जिस तरह से गेंद को मार रहे थे वो देखकर मैं काफी खुश हूं। उन्होंने इस मुकाबले में बेहतरीन बल्लेबाजी की।"
केकेआर से मिले 221 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई इंडियंस को रोहित शर्मा ने रयान रिकेल्टन के साथ दमदार शुरुआत दी। दोनों ने पहले विकेट के लिए 11.5 ओवर में 148 रन जोड़े। रोहित ने 6 चौके और 6 छक्कों की मदद से 38 गेंदों में 78 रनों की शानदार पारी खेली। वहीं, रिकेल्टन ने 43 गेंदों में 4 चौके और 8 छक्के लगाते हुए 81 रन बनाए। मुंबई ने लक्ष्य को सिर्फ 19.1 ओवर में 4 विकेट खोकर हासिल कर लिया।
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





