
x
MLS मैच में गरमाया माहौल लेवांडोव्स्की से उलझे मेसी के साथी
स्पोर्ट्स डेस्क: मेजर लीग सॉकर (MLS) में शिकागो फायर और इंटर मियामी के बीच खेले गए मुकाबले में फुटबॉल के साथ मैदान पर जबरदस्त तनातनी भी देखने को मिली। मुकाबले के आखिरी हिस्से में शिकागो फायर के स्टार स्ट्राइकर रॉबर्ट लेवांडोव्स्की की पहले इंटर मियामी के इयान फ्रे और फिर लियोनेल मेसी के करीबी साथी रोड्रिगो डी पॉल से तीखी बहस हो गई। दोनों खिलाड़ी आमने-सामने आ गए और घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में आ गया।
यह मुकाबला शिकागो के सोल्जर फील्ड में खेला गया और 1-1 की बराबरी पर समाप्त हुआ। शिकागो फायर की ओर से लेवांडोव्स्की ने शुरुआती गोल किया, जबकि इंटर मियामी ने दूसरे हाफ में बराबरी हासिल की।
पहले इयान फ्रे से उलझे लेवांडोव्स्की
मुकाबला अपने अंतिम चरण में था और स्कोर 1-1 से बराबर था। इसी दौरान लेवांडोव्स्की और इंटर मियामी के डिफेंडर इयान फ्रे के बीच कहासुनी हो गई। दोनों खिलाड़ियों के बीच तनाव बढ़ता देखकर इंटर मियामी के दूसरे खिलाड़ी भी मौके पर पहुंच गए।
इसके बाद अर्जेंटीना के स्टार मिडफील्डर रोड्रिगो डी पॉल अपने साथी के समर्थन में आगे आए। डी पॉल और लेवांडोव्स्की आमने-सामने खड़े होकर एक-दूसरे से तीखी बहस करते नजर आए। दोनों के बीच मामला बढ़ता देख आसपास मौजूद खिलाड़ियों ने स्थिति संभाली।
Lewandowski and the Inter Miami player got into it. 😳 pic.twitter.com/eOA7NC3Abo
— Kalshi FC (@KalshiFC) September 10, 2026
डी पॉल और लेवांडोव्स्की पुराने प्रतिद्वंद्वी
डी पॉल और लेवांडोव्स्की इससे पहले भी बड़े मुकाबलों में एक-दूसरे का सामना कर चुके हैं। जब डी पॉल स्पेन में एटलेटिको मैड्रिड और लेवांडोव्स्की बार्सिलोना के लिए खेलते थे, तब दोनों आमने-सामने आए थे। इसके अलावा 2022 फीफा विश्व कप में अर्जेंटीना और पोलैंड के मुकाबले में भी दोनों एक-दूसरे के खिलाफ मैदान पर उतरे थे।
मैच से पहले अलग थी तस्वीर
दिलचस्प बात यह रही कि मैच शुरू होने से पहले माहौल बिल्कुल अलग था। लेवांडोव्स्की ने लियोनेल मेसी और लुइस सुआरेज से गर्मजोशी से मुलाकात की थी। तीनों दिग्गजों के गले मिलने का वीडियो भी सामने आया। लेकिन मैच शुरू होने के बाद मैदान पर प्रतिस्पर्धा और तनाव दोनों बढ़ गए।
इस मुकाबले में लेवांडोव्स्की ने अपनी गोल करने की क्षमता भी दिखाई। हालांकि शिकागो फायर बढ़त को जीत में नहीं बदल सका और मुकाबला 1-1 की बराबरी पर खत्म हुआ। मैच के नतीजे के साथ ही डी पॉल और लेवांडोव्स्की की तीखी नोकझोंक भी सोशल मीडिया पर फुटबॉल प्रशंसकों के बीच चर्चा का विषय बन गई।
Next Story





