खेल

Tokyo Paralympics: पैरालंपिक खेलों में 54 खिलाड़ी हिस्सा लेने के लिए टोक्यो रवाना, खेल मंत्री ने दीं शुभकामनाएं

Kunti Dhruw
12 Aug 2021 4:12 PM GMT
Tokyo Paralympics: पैरालंपिक खेलों में 54 खिलाड़ी हिस्सा लेने के लिए टोक्यो रवाना, खेल मंत्री ने दीं शुभकामनाएं
x
टोक्यो ओलंपिक की समाप्ति के बाद अब पैरालंपिक खेलों की बारी है।

टोक्यो ओलंपिक की समाप्ति के बाद अब पैरालंपिक खेलों की बारी है।दुनियाभर के दिव्यांग खिलाड़ियों (पैरा एथलीट) के बीच होने वाले खेलों के महाकुंभ पर अब सबकी नजर रहेगी। 24 अगस्त से शुरू होने वाले इस टूर्नामेंट में भारत ने अब तक का अपना सबसे बड़ा दल भेजा है। भारत की तरफ से इस बार पैरालंपिक खेलों में 54 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।

खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने इन सभी खिलाड़ियों को गुरुवार को शुभकामनाओं के साथ टोक्यो के लिए रवाना किया। इस दौरान ठाकुर ने भारतीय पैरा खिलाड़ियों से पदकों की उम्मीद जताई। भारतीय दल में भाला फेंक (F-46) खिलाड़ी देवेंद्र झाझरिया (2004 और 2016 के गोल्ड मेडलिस्ट), मरियप्पन थंगवेलु (ऊंची कूद) और भाला फेंक (F-64) के विश्व चैंपियन संदीप चौधरी भी शामिल हैं। इन खिलाड़ियों से भारत को पदक की अधिक उम्मीदें हैं।


इस बार टोक्यो पैरालंपिक में भारत 9 खेलों में अपनी दावेदारी पेश करेगा। भारत की तरफ से रियो पैरालंपिक के गोल्ड मेडलिस्ट मरियप्पन थंगवेलु ध्वज वाहक होंगे।
टोक्यो जाने वाले सभी खिलाड़ी इस वक्त बायो बबल में हैं और इसलिए वे इस कार्यक्रम में वर्चुअली जुड़े। ठाकुर ने इस दौरान सबका हौसला बढ़ाते हुए खिलाड़ियों के आत्मविश्वास और मनोबल की तारीफ की और उन्हें शुभकामनाएं दी। उन्होंने वीडियो संदेश में कहा, 'हमारे पैरा एथलीटों की महत्वकांक्षा और आत्मविश्वास 1.3 अरब भारतीयों को प्रेरणा देता है। उनकी हिम्मम के आगे बड़ी से बड़ी चुनौतियां भी झुक जाती हैं और वे इसके पूरे हकदार हैं।'
उन्होंने कहा, 'आगामी खेलों में हमारे पैरा एथलीटों की संख्या पिछले चरण से तीन गुना ज्यादा है। मुझे उनकी काबिलियत पर पूरा भरोसा है। मेरा मानना है कि आपका प्रदर्शन भी पिछली बार से बेहतर होगा।'
Next Story