
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और गुजरात टाइटन्स (GT) के बीच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में IPL (इंडियन प्रीमियर लीग) 2026 का फाइनल खेला जाना है.इस पूरे सीजन शानदार प्रदर्शन करने वाली दोनों टीमें अब खिताबी जीत से एक कदम दूर हैं. आरसीबी ने क्वालिफायर-1 में गुजरात टाइटन्स को हराकर सीधे फाइनल में जगह बना ली थी.
उस मैच में आरसीबी के कप्तान रजत पाटीदार ने धमाकेदार 33 गेंदों में 93 रनों की पारी खेली थी. दूसरी तरफ क्वालिफायर-2 में गुजरात टाइटन्स ने राजस्थान रॉयल्स को हराकर फाइनल में अपनी जगह बनाई.शुभमन गिल ने राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मैच में शानदार शतक जड़ा था. गिल की इस पारी में 15 चौके और 3 छक्के शामिल थे. आरसीबी ने 5वीं बार आईपीएल फाइनल में अपनी जगह बनाई है. वहीं गुजरात टाइटन्स IPL में तीसरी बार फाइनल खेलेगी.
अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में गुजरात टाइटन्स का रिकॉर्ड शानदार है. इस IPL सीजन गुजरात ने अपने घर पर खेलते हुए 7 में से 5 मैच जीते हैं. ऐसे में आरसीबी के लिए चुनौती बिल्कुल भी आसान नहीं होने वाली है. हालांकि फैन्स की नजरें विराट कोहली पर रहेंगी और फैन्स एक बार फिर से विराट को IPL ट्रॉफी उठाते हुए देखना चाहेंगे.वहीं साई सुदर्शन ने इस आईपीएल सीजन 16 मैचों मैं 159.55 की स्ट्राइक रेट से 710 रन बनाए हैं. गुजरात की गेंदबाजी की बात करें तो कगिसो रबाडा ने 16 मैच में 28 विकेट लिए हैं और पर्पल कैप की रेस में सबसे आगे हैं. इस आईपीएल सीजन दोनों टीमें 2 बार आपस में भिड़ीं और दोनों बार आरसीबी ने ही बाजी मारी.





