खेल

टीम इंडिया में होगी इन खिलाड़ियों की वापसी, जानें नाम

Ritisha Jaiswal
18 Feb 2022 4:56 PM IST
टीम इंडिया में होगी इन खिलाड़ियों की वापसी, जानें नाम
x
भारतीय टीम मौजूदा समय में वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज खेल रही है, लेकिन इसके बाद श्रीलंका की टीम भारत के दौरे पर आएगी

भारतीय टीम मौजूदा समय में वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज खेल रही है, लेकिन इसके बाद श्रीलंका की टीम भारत के दौरे पर आएगी। इसी सीरीज के लिए भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड यानी बीसीसीआई और चयनकर्ताओं की समिति भारतीय टीम का ऐलान करने वाली है। माना जा रहा है कि रवींद्र जडेजा की टीम में वापसी होगी, जो कि कानपुर में नवंबर 2021 में खेले गए न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट मैच के बाद से टीम से बाहर हैं।

क्रिकबज की रिपोर्ट की मानें तो रवींद्र जडेजा को श्रीलंका के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज से पहले तीन मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज में भी मौका मिल सकता है। यही कारण है कि वे बेंगलुरु स्थित नेशनल क्रिकेट एकेडमी में रिहैब पूरा करने के बाद लखनऊ पहुंच गए हैं, जहां श्रीलंका के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज का पहला मुकाबला खेला जाएगा। ये मुकाबला 24 फरवरी को आयोजित होगा। इससे पहले वे क्वारंटाइन में रहेंगे और कोविड 19 का टेस्ट भी कराएंगे।
जडेजा के साथ जसप्रीत बुमराह की भी वापसी की उम्मीद है। जडेजा और बुमराह दोनों को वेस्टइंडीज के खिलाफ खेली जा रही सफेद गेंद की सीरीज से आराम दिया गया था। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने 26 जनवरी को कहा था कि बुमराह के अलावा मोहम्मद शमी और जडेजा को वेस्टइंडीज सीरीज के लिए आराम दिया गया था। वहीं, अब श्रीलंका के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज के लिए पूर्व कप्तान विराट कोहली को आराम दिया जा सकता है।
विराट कोहली को टी20 सीरीज के लिए ब्रेक दिया जाएगा। भारतीय टीम के करीबी कई सूत्रों ने क्रिकबज को बताया किपूर्व कप्तान को तीन टी 20 आई के लिए आराम दिया जा सकता है। हालांकि, वह टेस्ट के लिए वापसी कर सकते हैं, जिसका अर्थ है कि उनका 100वां टेस्ट मोहाली में होगा, जहां पहला भारत और श्रीलंका के बीच 3 मार्च से पहला टेस्ट खेला जाएगा। यदि वह बड़ा ब्रेक लेते हैं तो फिर बेंगलुरु में भी वे अपना 100वां टेस्ट खेलते हुए दिख सकते हैं।
अगले एक या दो दिन में श्रीलंका के खिलाफ टी20 और टेस्ट सीरीज के लिए टीम इंडिया का ऐलान हो जाएगा। इसी के साथ ये भी साफ हो जाएगा कि टेस्ट का कप्तान कौन होगा, क्योंकि विराट कोहली साउथ अफ्रीका के खिलाफ मिली हार के बाद कप्तानी छोड़ चुके हैं। माना जा रहा है कि रोहित शर्मा को टीम की कमान मिल सकती है, जो मौजूदा समय में टीम इंडिया के सीमित ओवरों के नियमित कप्तान हैं।


Next Story