खेल

भारत और आयरलैंड के बीच होने वाली टी20 सीरीज हार्दिक पांड्या के लिए भी बहुत खास

Teja
25 Jun 2022 10:34 PM IST
भारत और आयरलैंड के बीच होने वाली टी20 सीरीज हार्दिक पांड्या के लिए भी बहुत खास
x
हार्दिक पांड्या

भारत और आयरलैंड के बीच होने वाली टी20 सीरीज हार्दिक पांड्या के लिए भी बहुत खास होने वाली है। हार्दिक पांड्या ने अभी कुछ ही दिन पहले अपनी कप्तानी में गुजरात टाइटंस को आईपीएल 2022 का खिताब दिलाया था। अब वे टीम इंडिया के भी कप्तान बन गए हैं। इस बीच हार्दिक पांड्या के लिए बहुत सारी चुनौतियां इस सीरीज में होगी। हालांकि सीरीज केवल दो ही मैचों की है और टीम में युवा खिलाड़ी ज्यादा हैं, लेकिन सीरीज से कम से कम ये तो अंदाजा तो लग ही जाएगा कि हार्दिक पांड्या टीम इंडिया की कप्तानी किस तरह से करते हैं। इस बीच इस सीरीज के पहले मैच से पहले हार्दिक पांड्या निश्चित रूप से पांच बड़े सवालों से जूझ रहे होंगे, चलिए बात करते हैं कि वे कौन से पांच सवाल हैं।

कौन करेगा टीम इंडिया की ओर से ओपनिंग

कप्तान हार्दिक पांड्या के सामने सबसे बड़ा सवाल यही होगा कि ओपनिंग जोड़ी क्या होगी। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेली गई पांच मैचों की सीरीज के सभी मैचों में ईशानकिशन और रुतुराज गायकवाड़ ने ओपनिंग की थी। ईशान किशन ने तो प्रभावित किया, लेकिन रुतुराज गायकवाड़ मिले मौकों का फायदा नहीं उठा पाए। देखना होगा कि हार्दिक पांड्या इसी जोड़ी के साथ जाते हैं या फिर किसी और को लेते हैं। वैसे भारत के पास राहुल त्रिपाठी और वेंकटेश अय्यर के भी आप्शन मौजूद हैं।

नंबर तीन पर कौन करेगा बल्लेबाजी

भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच खेली गई सीरीज के पांचों मैचों में नंबर तीन पर श्रेयस अय्यर ने बल्लेबाजी की थी। लेकिन अब इस टीम में श्रेयस अय्यर नहीं हैं। ऐसे में टीम इंडिया का नंबर तीन कौन होगा। वैसे तो सूर्य कुमार यादव का नाम सबसे पहले लिया जा सकता है, जो इस टीम में हैं। वहीं भारत के पास संजू सैमसन का भी आप्शन है। जो आईपीएल में अपनी टीम राजस्थान रॉयल्स के लिए कई बार कई बार नंबर तीन पर बल्लेबाजी करते रहे हैं। वहीं अगर राहुल त्रिपाठी को ओपनिंग की जिम्मेदारी नहीं मिलती है तो वे नंबर तीन पर भी खेल सकते हैं।

उमरान मलिक और अर्शदीप सिंह को ​मिलेगा डेब्यू का मौका

उमरान मलिक और अर्शदीप सिंह को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सीरीज के लिए टीम इंडिया में शामिल किया गया था, लेकिन पांच मैचों की सीरीज के एक भी मैच में उन्हें खेलने का मौका नहीं मिला। ये खिलाड़ी लगातार बैंच पर ही बैठे रहे। इस बीच अब संभावना है कि कम से कम इन दो मैचों में तो उन्हें खेलने का मौका मिल सकता है। हालांकि इसमें शक है कि दोनों गेंदबाज इस सीरीज में डेब्यू कर पाएं। कप्तान हार्दिक पांड्या को इन दोनों खिलाड़ियों को लेकर भी बड़ा फैसला करना होगा।

खुद हार्दिक पांड्या किस नंबर पर करेंगे बल्लेबाजी

दूसरे खिलाड़ियों के अलावा इस सीरीज में खुद हार्दिक पांड्या किस नंबर पर बल्लेबाजी करेंगे, ये भी बड़ा सवाल है। वैसे तो हार्दिक पांड्या लोअर आर्डर में टीम इंडिया के लिए बल्लेबाजी करते आए हैं। लेकिन जब वे गुजरात टाइटंस के कप्तान बने तो खुद को प्रमोट कर नंबर चार पर भी बल्लेबाजी करते हुए नजर आए। लेकिन जब दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ हार्दिक पांड्या ने टी इंडिया में वापसी तो लोअर आर्डर में ही खेले। अब वे खुद कप्तान हैं तो देखना दिलचस्प होगा कि वे किस नंबर पर बल्लेबाजी करते हैं।

कौन होगा टीम इंडिया का विकेट कीपर

आयरलैंड सीरीज के लिए जो टीम इंडिया चुनी गई है, उसमें तीन विकेट कीपर बल्लेबाज हैं। ईशान किशन, संजू सैमसन और दिनेश कार्तिक। पूरी संभावना है कि दोनों मैचों में ये तीनों खिलाड़ी खेलेंगे, लेकिन इसमें से विकेट कीपिंग कौन करेगा। हालांकि ये तीनों खिलाड़ी अब से कुछ ही दिन पहले आईपीएल में अपनी अपनी टीम के लिए कीपिंग करते हुए नजर आए थे, ऐसे में कप्तान हार्दिक पांड्या के सामने ये भी सवाल होगा कि विकेट के पीछे की जिम्मेदारी किसे दी जाए।



Next Story