
इंग्लैंड को 3 वनडे की सीरीज में हराने में टीम इंडिया का अगला पड़ाव वेस्टइंडीज है. इस शुक्रवार से दोनों देशों के बीच 3 वनडे की सीरीज की शुरुआत होगी. वर्कलोड मैनेजमेंट के तहत रेगुलर कप्तान रोहित शर्मा, विराट कोहली, ऋषभ पंत, हार्दिक पंड्या और जसप्रीत बुमराह जैसे सीनियर खिलाड़ियों को इस सीरीज के लिए आराम दिया गया है. केएल राहुल की हाल ही में स्पोर्ट्स हार्निया की सर्जरी हुई है और वो अभी रिकवरी मोड में हैं. ऐसे में वो वनडे सीरीज नहीं खेलेंगे. ऐसे में उन खिलाड़ियों के पास खुद को साबित करने का एक और मौका होगा, जो अक्सर बेंच पर बैठे रह जाते हैं.
कोच राहुल द्रविड़ और वनडे सीरीज के लिए कप्तान बनाए गए शिखर धवन को पहले वऩडे मुकाबले से पहले 4 बड़े सवालों का जवाब ढूंढना होगा. आपको एक-एक कर बताते क्या हैं वो चार बड़े सवाल और क्या हो सकता है उनका जवाब.
सवाल नंबर-1: धवन के साथ कौन करेगा ओपनिंग?
भारतीय टीम मैनेजमेंट ईशान किशन को भारत के फर्स्ट चॉइस ओपनर और विकेटकीपर के रूप में तराश रहा है. ईशान किशन इंग्लैंड में वनडे सीरीज इसलिए नहीं खेल पाए, क्योंकि टॉप ऑर्डर में रोहित के जोड़ीदार के रूप में शिखर धवन की वापसी हुई थी. हालांकि, रोहित की गैरहाजिरी में ईशान ओपनिंग की दौड़ में सबसे आगे हैं. अगर किशन कप्तान धवन के साथ पारी की शुरुआत करते हैं तो फिर भारत के पास टॉप ऑर्डर में दो बाएं हाथ के बल्लेबाज हो जाएंगे. अगर भारतीय टीम मैनेजमेंट लेफ्ट-राइट कॉम्बिनेशन चाहता है तो फिर ऋतुराज गायकवाड़ और शुभमन गिल में से किसी एक को आजमाया जा सकता है.
गायकवाड़ ने अब वनडे नहीं खेला है
ऋतुराज गायकवाड़ ने अब तक वनडे नहीं खेला है. लेकिन, घरेलू वनडे क्रिकेट में उनका रिकॉर्ड अच्छा है. 63 पारियों में उन्होंने 100 की स्ट्राइक रेट और 55 के औसत से रन बनाए हैं. 2021 में ऋतुराज ने घरेलू वनडे टूर्नामेंट विजय हजारे ट्रॉफी में महाराष्ट्र के लिए 4 शतक की मदद से 603 रन बनाए थे. उनका स्ट्राइक रेट 113 का रहा था. दूसरी तरफ, शुभमन की वनडे टीम में वापसी हुई है.
वो अब तक 3 वनडे खेल चुके हैं. उन्होंने पिछला वनडे दिसंबर 2020 में ऑस्ट्रेलिया में खेला था. यह उनका आखिरी लिस्ट-ए मुकाबला भी था, इसलिए उनके पास 50 ओवर फॉर्मेट में हालिया मैच अभ्यास नहीं है और 18 महीने बाद उनकी वनडे टीम में वापसी हुई है. हाल ही में, गिल ने आईपीएल 2022 में अपने खिताबी अभियान के दौरान गुजरात टाइटंस के लिए सलामी बल्लेबाज के रूप में 132.32 के स्ट्राइक रेट से 483 रन बनाए थे. ऐसे में भारतीय टीम मैनेजमेंट को धवन का जोड़ीदार चुनने में माथापच्ची करनी पड़ सकती है.
सवाल नंबर-2: मिडिल ऑर्डर में कौन खेल सकता है?
वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज में मिडिल ऑर्डर कैसा नजर आएगा? किन खिलाड़ियों को मौका मिल सकता है? धवन और कोच द्रविड़ को इस सवाल का जवाब भी ढूंढना होगा. सूर्यकुमार यादव जरूर ऐसा नाम है, जो मिडिल ऑर्डर में नजर आ सकते हैं. यानी बाकी बचे दो-तीन स्लॉट के लिए श्रेयस अय्यर, दीपक हुडा, संजू सैमसन और संभवत: गिल के बीच दिलचस्प मुकाबला होगा.
अय्यर के फॉर्म ने चिंता बढ़ाई
श्रेयस अय्यर पिछले साल कंधे की चोट के कारण लंबे वक्त तक मैदान से बाहर रहे थे. वापसी के बाद से ही उनका प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा है. सभी टीमें को शॉर्ट गेंद के खिलाफ उनकी कमजोरी का पता लग गया है. ऐसे में वो अब लिमिडेट ओवर क्रिकेट में मिडिल ऑर्डर में सूर्यकुमार यादव से पिछड़ गए हैं. श्रेयस इंग्लैंड के खिलाफ 3 वनडे की सीरीज का पहला मुकाबला ही खेले थे. इसके बाद उन्हें कोहली के कारण प्लेइंग-XI में अपनी जगह गंवानी पड़ी थी. अब जबकि कोहली को आराम दिया गया है तो श्रेयस के तीन नंबर पर बल्लेबाजी करने की संभावना है.
सैमसन ने अब तक एक ही वनडे खेला है. पिछले साल श्रीलंका के खिलाफ वनडे डेब्यू पर उन्होंने 46 रन बनाए थे. उन्हें लेकर सबकी यही राय है कि उनकी बल्लेबाजी में निरंतरता नहीं है. लेकिन, उन्हें लगातार मौके भी नहीं मिले हैं. हाल में ही उन्होंने आयरलैंड दौरे पर एक टी20 मैच में 42 गेंद में 77 रन ठोके थे. अगर उन्हें वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज में मौका मिलता है, तो वो बड़ी पारी खेलने के लिए बेताब होंगे.
सवाल नंबर-3: भारत के पास ऑलराउंडर के रूप में कितने विकल्प हैं?
दीपक हुडा ने इस साल की शुरुआत में वेस्टइंडीज के खिलाफ ही मिडिल ऑर्डर बल्लेबाज के रूप में अपना वनडे डेब्यू किया था. इसके बाद से ही वो भारत की सीमित ओवर क्रिकेट की योजनाओं का हिस्सा हैं. उन्होंने इस आईपीएल में लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए 451 रन बनाए थे. वो ज्यादातर समय तीन नंबर पर ही खेले. हाल ही में उन्होंने आयरलैंड के खिलाफ इसी नंबर पर खेलते हुए टी20 में शतक भी ठोका है.
हुडा निचले क्रम में अहम रोल निभा सकते हैं
हार्दिक और पंत को वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए आराम दिया गया है. ऐसे में हुडा निचले क्रम में रवींद्र जडेजा या अक्षर पटेल में से किसी एक साथ अहम भूमिका निभा सकते हैं. हुडा ऑफ स्पिन गेंदबाजी भी कर लेते हैं और लिस्ट-ए क्रिकेट में उनका इकोनॉमी रेट भी 4.45 का है. सीम बॉलिंग ऑलराउंडर के रूप में शार्दुल ठाकुर इकलौते विकल्प हैं.





