खेल
टी20 विश्व कप: श्रीलंका के राष्ट्रपति ने कोलंबो में भारत के साथ खेलने के लिए पाक पीएम को धन्यवाद दिया
jantaserishta.com
10 Feb 2026 11:39 AM IST

x
नई दिल्ली: श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ का धन्यवाद किया है। उन्होंने भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले टी20 विश्व कप 2026 के मैच को मंजूरी देने के लिए आभार जताया।
दरअसल, पाकिस्तान सरकार ने पहले अपने फैसले से पलटते हुए अब अपनी पुरुष क्रिकेट टीम को भारत के खिलाफ तय मैच खेलने की अनुमति दे दी है। यह मैच 15 फरवरी 2026 को टी20 विश्व कप में खेला जाएगा।अनुरा कुमारा दिसानायके ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा कि वह खुश हैं कि क्रिकेट का यह बहुप्रतीक्षित मुकाबला अपने तय कार्यक्रम के अनुसार खेला जाएगा। उन्होंने कहा कि भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाला यह मैच कोलंबो में ही होगा।
उन्होंने एक्स पर शेयर किया, "प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ का धन्यवाद, उन्होंने यह सुनिश्चित किया कि जिस खेल से हम सभी प्यार करते हैं, वह चलता रहे। खुशी है कि कोलंबो में चल रहे टी20 क्रिकेट वर्ल्ड कप में भारत और पाकिस्तान का बहुप्रतीक्षित मैच प्लान के मुताबिक होगा।"
उन्होंने आगे कहा, "टूर्नामेंट के को-होस्ट के तौर पर, श्रीलंका आईसीसी और सभी संबंधित लोगों को उनकी कोशिशों के लिए धन्यवाद देता है। श्रीलंका 1996 वर्ल्ड कप के दौरान भारत और पाकिस्तान दोनों की दिखाई गई एकजुटता को नहीं भूला है, जब वे कोलंबो में उस समय खेले थे जब दूसरे देश सुरक्षा चिंताओं के कारण नहीं खेले थे।"
इससे पहले पाकिस्तान सरकार ने भारत के खिलाफ मैच न खेलने का संकेत दिया था। इसका कारण यह बताया गया था कि वह बांग्लादेश के समर्थन में ऐसा कर रहा है। बांग्लादेश को टी20 विश्व कप से बाहर कर दिया गया था और उसकी जगह स्कॉटलैंड को शामिल किया गया था। बांग्लादेश ने सुरक्षा कारणों से भारत से अपने मैच श्रीलंका कराने की मांग की थी, जिसे आईसीसी ने खारिज कर दिया।
जब पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ मैच के बहिष्कार की धमकी दी, तो आईसीसी ने इस पर सख़्त रुख अपनाया। इसके बाद बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड और श्रीलंका सरकार ने पाकिस्तान से अपना फैसला बदलने की अपील की।
इन अपीलों और बातचीत के बाद प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ ने पाकिस्तान की टीम को मैच खेलने की हरी झंडी दे दी। पाकिस्तान सरकार ने साफ किया कि बांग्लादेश और श्रीलंका के अनुरोध को देखते हुए यह अनुमति दी गई है। पाकिस्तान सरकार की ओर से सोमवार रात जारी एक बयान में कहा गया, "कई देशों की बातचीत में मिले नतीजों और दोस्त देशों के अनुरोध को देखते हुए, पाकिस्तान सरकार पाकिस्तान की नेशनल क्रिकेट टीम को आईसीसी पुरुष टी20 वर्ल्ड कप में अपने तय मैच के लिए 15 फरवरी, 2026 को मैदान में उतरने का निर्देश देती है।" पाकिस्तान की टीम इस समय श्रीलंका में मौजूद है और वह ग्रुप ए का अपना दूसरा मुकाबला मंगलवार को संयुक्त राज्य अमेरिका के खिलाफ खेलेगी।
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





