खेल

टी20 वर्ल्ड कप: संजू सैमसन ने फाइनल में रचा इतिहास, रिकॉर्ड्स की लगाई झड़ी

SHIDDHANT
8 March 2026 8:56 PM IST
टी20 वर्ल्ड कप: संजू सैमसन ने फाइनल में रचा इतिहास, रिकॉर्ड्स की लगाई झड़ी
x
फाइनल
Ahmedabad अहमदाबाद। टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल मुकाबले में टीम इंडिया की भिड़ंत न्यूजीलैंड के साथ हो रही है। नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में संजू सैमसन का बल्ला एक बार फिर चला है। संजू ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 46 गेंदों में 89 रनों की दमदार पारी खेली। विकेटकीपर-बल्लेबाज ने लगातार तीसरा अर्धशतक लगाते हुए कई बड़े रिकॉर्ड्स अपने नाम किए। संजू सैमसन ने 193 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए अपनी तूफानी पारी में 5 चौके और 8 छक्के लगाए। उन्होंने अभिषेक शर्मा के साथ मिलकर पहले विकेट के लिए 98 रनों की शानदार साझेदारी निभाई। वहीं, दूसरे विकेट के लिए संजू ने ईशान किशन संग मिलकर 105 रन जोड़े।
संजू सैमसन टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल मुकाबले में सबसे बड़ी पारी खेलने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने 89 रनों की दमदार पारी खेलने के साथ ही मार्लोन सैमुअल्स के रिकॉर्ड को तोड़ा। सैमुअल्स ने टी20 विश्व कप 2016 के फाइनल में 85 रनों की नाबाद पारी खेली थी। उन्होंने इस मामले में विराट कोहली को भी पीछे छोड़ दिया है। संजू टी20 विश्व कप के खिताबी मुकाबले में भारत की ओर से भी सबसे बड़ी पारी खेलने वाले बल्लेबाज बन गए हैं।
संजू सैमसन टी20 विश्व कप के एक संस्करण के सेमीफाइनल और फाइनल दोनों में अर्धशतक लगाने वाले तीसरे बल्लेबाज भी बने हैं। सैमसन से पहले यह कारनामा सिर्फ विराट कोहली और शाहिद अफरीदी ही कर सके हैं। इसके साथ ही संजू ने टी20 वर्ल्ड कप में लगातार 3 बार अर्धशतकीय पारी खेलने के साथ ही विराट कोहली, बाबर आजम, केएल राहुल की बराबरी भी कर ली है। संजू टी20 वर्ल्ड कप के एक संस्करण में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने न्यूजीलैंड के बल्लेबाज फिन एलन को इस मामले में पीछे छोड़ दिया है। टी20 विश्व कप 2026 में संजू सैमसन ने कुल 24 छक्के लगाए।
संजू सैमसन ने अभिषेक शर्मा के साथ मिलकर फाइनल मुकाबले में अर्धशतकीय साझेदारी भी निभाई। संजू-अभिषेक टी20 वर्ल्ड कप के खिताबी मुकाबले में अर्धशतकीय साझेदारी करने वाली पहली जोड़ी भी बन गई है। सैमसन और अभिषेक ने मिलकर 6 ओवर के पावरप्ले में 92 रन जोड़े। टी20 विश्व कप इतिहास के पावरप्ले में सबसे ज्यादा रन लगाने का रिकॉर्ड टीम इंडिया के नाम हो गया है।
Next Story