खेल
टी20 वर्ल्ड कप: दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ भारत ने बनाया तीसरा न्यूनतम स्कोर, सेमीफाइनल की राह हुई मुश्किल
jantaserishta.com
23 Feb 2026 8:58 AM IST

x
अहमदाबाद: भारतीय क्रिकेट टीम और दक्षिण अफ्रीका के बीच रविवार को नरेंद्र मोदी स्टेडियम में टी20 विश्व कप 2026 का सुपर-8 का मुकाबला खेला गया। भारतीय टीम को इस मैच में बड़ी हार का सामना करना पड़ा। इस हार के साथ ही भारतीय टीम का 2022 टी20 विश्व कप सेमीफाइनल में इंग्लैंड से मिली हार के बाद से चला आ रहा विजय क्रम टूट गया।
भारतीय टीम को जीत के लिए दक्षिण अफ्रीका ने 188 रन का लक्ष्य दिया था। बड़े स्कोर के दबाव में भारतीय टीम बिखर गई। टीम इंडिया महज 111 रन पर सिमट गई और 76 रन से मैच गंवा बैठी। टी20 विश्व कप इतिहास में रनों के लिहाज से भारतीय टीम की यह सबसे बड़ी हार है।
111 का स्कोर भारतीय टीम का विश्व कप के इतिहास में तीसरा सबसे न्यूनतम स्कोर भी है। भारतीय टीम का टी20 विश्व कप में सबसे छोटा स्कोर 79 है। टीम इंडिया टी20 विश्व कप 2016 में न्यूजीलैंड के खिलाफ अहमदाबाद में ही 79 रन पर सिमट गई थी। इसके बाद टी20 विश्व कप 2021 में भारतीय टीम न्यूजीलैंड के खिलाफ 110 रन बना सकी थी। टी20 विश्व कप में भारतीय टीम का चौथा न्यूनतम स्कोर 118 है। यह स्कोर 2009 में टीम इंडिया ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ बनाया था। पांचवां न्यूनतम स्कोर पाकिस्तान के खिलाफ टी20 विश्व कप 2024 में आया था। टीम इंडिया तब न्यूयॉर्क में 119 रन पर सिमट गई थी। हालांकि, उस मैच में भारतीय टीम विजयी रही थी।
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सुपर-8 के अपने पहले मुकाबले में बड़ी हार का सामना करने वाली टीम इंडिया के लिए सेमीफाइनल की राह मुश्किल हो गई है। टीम इंडिया का रन रेट माइनस में चला गया है। सेमीफाइनल में जगह बनाने की किसी भी संभावना को बरकरार रखने के लिए भारतीय टीम को जिम्बाब्वे और वेस्टइंडीज के खिलाफ होने वाले अगले दो मैचों में बड़ी जीत दर्ज करनी होगी। जिम्बाब्वे के खिलाफ मैच 26 फरवरी को चेन्नई में और वेस्टइंडीज के खिलाफ मैच 1 मार्च को कोलकाता में खेला जाएगा।
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





