खेल

सूर्यकुमार यादव ने किया खुलासा, अगर टेनिस खेलते तो किसे चुनते अपना डबल्स पार्टनर

jantaserishta.com
11 July 2025 3:46 PM IST
सूर्यकुमार यादव ने किया खुलासा, अगर टेनिस खेलते तो किसे चुनते अपना डबल्स पार्टनर
x
नई दिल्ली: भारतीय टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव हाल ही में अपनी पत्नी देविशा शेट्टी के साथ विंबलडन टेनिस टूर्नामेंट देखने पहुंचे। उन्होंने इस दौरान खुलासा किया कि वह अपने डबल्स जोड़ीदार के तौर पर भारत के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को देखना पसंद करेंगे।
सूर्यकुमार पहली बार विंबलडन देखने के लिए पहुंचे। वहां मौजूदगी से उन्होंने खूब सुर्खियां बटोरीं। विंबलडन ने भी उनकी एक फोटो शेयर की और लिखा – "एसडब्ल्यू19 में रौनक लेकर आए सूर्यकुमार यादव! आपको यहां पाकर खुशी हुई।"
टेनिस के प्रति अपनी रुचि के बारे में सूर्यकुमार ने बताया, "मैं टीवी पर टेनिस बहुत देखता हूँ। सेंटर कोर्ट के माहौल के बारे में हमेशा सुना करता था, खासकर जब खिलाड़ी वहां प्रवेश करते हैं। अब इसे सामने से महसूस कर रहा हूं, यह बहुत ही खास अनुभव है।"
जब उनसे पूछा गया कि अगर उन्हें किसी क्रिकेटर को टेनिस डबल्स (जोड़ी में खेला जाने वाला) पार्टनर चुनना हो, तो वे किसे चुनेंगे? इस पर उन्होंने कहा, "बिलकुल एमएस धोनी को। वह तेज हैं, सहनशक्ति बहुत ज्यादा है और मानसिक रूप से बेहद मजबूत हैं। और हाल ही में जब वे क्रिकेट नहीं खेल रहे होते हैं, तो मैंने उन्हें कई बार टेनिस खेलते देखा है। इसलिए मेरी पहली पसंद वही होंगे।"
अपने पहले विंबलडन दौरे के अनुभव पर सूर्यकुमार ने बताया, "मैं पहली बार यहां आया हूं और चाहता था कि सब कुछ एकदम सही हो। सच कहूं तो मेरी पत्नी देविशा ने मेरी बहुत मदद की। वह पिछले तीन-चार दिनों से मेरे साथ रही है, इस शानदार टूर्नामेंट में क्या पहनना है, यह तय करने में मेरी मदद कर रही है। यहां इतनी बड़ी संख्या में लोग आए हैं, मैं भी उन्हीं में से एक हूं, और बस इस माहौल का हिस्सा बनना चाहता हूं।"
अपने पसंदीदा टेनिस खिलाड़ी के बारे में उन्होंने कहा, "मैं खासतौर पर नोवाक जोकोविच को देखने आया हूं। मैं लंबे समय से उन्हें फॉलो कर रहा हूं। उनकी किताब ‘सर्व टू विन’ भी पढ़ी है, जिसने मुझे बहुत प्रेरित किया। उम्र को देखते हुए मैंने थोड़ी देर से इंटरनेशनल क्रिकेट शुरू किया, लेकिन उनकी संघर्ष की कहानी से मैं खुद को जोड़ पाता हूं। जिस तरह वे लगातार आगे बढ़ते रहते हैं, वह कमाल है।"
उन्होंने यह भी बताया कि अगर विंबलडन की बात करें तो पीट सम्प्रास और रोजर फेडरर उनके पसंदीदा रहे हैं। उन्होंने कहा, "जब ये खिलाड़ी कोर्ट पर आते थे तो भीड़ झूम उठती थी। लेकिन मेरे ऑल-टाइम फेवरेट नोवाक जोकोविच ही हैं। अभी के समय में मुझे कार्लोस अल्काराज बहुत पसंद हैं, वह कोर्ट पर जैसे तूफान की तरह खेलते हैं।"
क्रिकेट और टेनिस की समानता पर सूर्यकुमार ने कहा, "क्रिकेट और टॉप लेवल टेनिस में बहुत सी समानताएं हैं। दोनों खेलों में मानसिक मजबूती और सहनशक्ति बहुत ज़रूरी होती है। क्रिकेट में हमें बार-बार 20-25 मीटर दौड़ना होता है, और टेनिस में भी कुछ ऐसा ही होता है। इसलिए दोनों में मानसिक ताकत और स्टेमिना सबसे अहम पहलू हैं।"
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story