
x
सूर्यकुमार को मुंबई ने किया बाहर
मुंबई: भारतीय क्रिकेटर सूर्यकुमार यादव को रणजी ट्रॉफी 2026-27 के शुरुआती मुकाबले के लिए मुंबई की 16 सदस्यीय टीम में जगह नहीं मिली है। खास बात यह है कि सूर्यकुमार ने खुद इस मुकाबले के लिए उपलब्ध रहने की जानकारी दी थी, इसके बावजूद चयनकर्ताओं ने उन्हें टीम में शामिल नहीं किया। मुंबई का पहला मुकाबला चंडीगढ़ के खिलाफ 11 से 14 अक्टूबर तक वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा।
मुंबई के मुख्य चयनकर्ता राजेश पवार ने सूर्यकुमार को बाहर रखने की वजह उनके हालिया रेड-बॉल क्रिकेट की कमी बताई है। पवार के मुताबिक सूर्यकुमार पिछले करीब 18 महीनों से रेड-बॉल क्रिकेट नहीं खेले हैं। चयन समिति का मानना है कि उन्हें पहले कुछ रेड-बॉल मुकाबले खेलने की जरूरत है, जिसके बाद उनके नाम पर दोबारा विचार किया जा सकता है।
यह फैसला इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन ने सूर्यकुमार से संपर्क कर पूछा था कि क्या वह रणजी ट्रॉफी के आगामी मैच के लिए उपलब्ध हैं। सूर्यकुमार ने इसके लिए हामी भर दी थी। इसके बावजूद चयन बैठक के बाद उनका नाम टीम में नहीं आया। इसी कारण चयन प्रक्रिया को लेकर सवाल उठ रहे हैं कि अगर रेड-बॉल मैच प्रैक्टिस ही प्रमुख शर्त थी तो सूर्यकुमार को पहले इसकी जानकारी दी गई थी या नहीं।
दूसरी ओर यशस्वी जायसवाल ने भी अपनी उपलब्धता जताई थी और उन्हें मुंबई टीम में शामिल कर लिया गया है। सिद्धेश लाड को कप्तान बनाया गया है, जबकि 19 वर्षीय आयुष म्हात्रे को उपकप्तानी की जिम्मेदारी दी गई है। सरफराज खान और शम्स मुलानी जैसे अनुभवी घरेलू खिलाड़ी भी टीम का हिस्सा हैं।
मुंबई को शुरुआत में शार्दुल ठाकुर की सेवाएं भी नहीं मिलेंगी। हाथ की चोट के कारण उनके शुरुआती कुछ रणजी मुकाबलों से बाहर रहने की संभावना है। ऐसे में मुंबई के लिए सूर्यकुमार जैसे अनुभवी बल्लेबाज का टीम में नहीं होना चर्चा का विषय बन गया है।
सूर्यकुमार यादव के लिए यह समय चुनौतीपूर्ण है। हाल में उन्हें भारतीय टीम की तीनों अंतरराष्ट्रीय टीमों में भी जगह नहीं मिली थी। अब घरेलू क्रिकेट में मुंबई की रणजी टीम से बाहर होने के बाद उनके सामने रेड-बॉल क्रिकेट खेलकर चयनकर्ताओं को प्रभावित करने की चुनौती होगी।
हालांकि यह कहना सही नहीं होगा कि सूर्यकुमार के लिए मुंबई टीम के दरवाजे बंद हो गए हैं। मुख्य चयनकर्ता ने साफ किया है कि कुछ रेड-बॉल मैच खेलने के बाद वह फिर से चयन की दौड़ में आ सकते हैं। फिलहाल चंडीगढ़ के खिलाफ पहले मुकाबले में मुंबई उनके बिना मैदान पर उतरेगी।
Next Story





