खेल

एशिया कप में विराट कोहली का ऐसा है प्रदर्शन

Rounak Dey
14 Aug 2022 10:49 PM IST
एशिया कप में विराट कोहली का ऐसा है प्रदर्शन
x

भारतीय बल्लेबाज विराट कोहली (Virat Kohli) आगामी एशिया कप 2022 से एक बार फिर से इंटरनेशनल क्रिकेट में वापसी करने जा रहे हैं। कोहली टूर्नामेंट में 28 अगस्त को पाकिस्तान के खिलाफ होने वाले महामुकाबले में अपने करियर का 100वां टी20 इंटरनेशनल मैच खेलने के लिए उतरेंगे। भारतीय टीम दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में पाकिस्तान के खिलाफ होने वाले इस मुकाबले से ही टूर्नामेंट में अपने खिताब बचाओ अभियान की शुरुआत करेगी। वेस्टइंडीज और जिम्बाब्वे वनडे सीरीज से आराम पाने वाले कोहली अपना पहला मैच खेलेंगे।

एशिया कप में भारत ने अब तक सबसे ज्यादा सात बार खिताब अपने नाम किया है और इस बार वो रिकॉर्ड आठवीं ट्रॉफी अपने नाम करना चाहेगा। कोहली ने 2018 के संस्करण को छोड़कर अपने पिछले सभी एशिया कप में अब तक बेहतरीन प्रदर्शन किया है। किंग कोहली ने इंग्लैंड दौरे पर अपना पिछला मैच खेला था। इसके अलावा उन्होंने करीब पिछले तीन साल से कोई शतक नहीं लगाया है। पूर्व कप्तान कोहली को करीब 1000 दिन से अपने 71वें शतक का इंतजार है। हालांकि इस बार उम्मीद की जा रही है कि कोहली अपने 100वें टी20 इंटरनेशनल मुकाबले में शतक ठोक सकते हैं। वह 2012 में पाकिस्तान के खिलाफ 183 रन की करियर की अपनी बेस्ट पारी खेल चुके हैं।
एशिया कप में विराट कोहली का प्रदर्शन
विराट ने 2010 में पहली बार एशिया कप में डेब्यू किया था। वह अब 2010, 2012, और 2016 के बाद चौथी बार एशिया कप में खेलने जा रहे हैं। एशिया कप (वनडे फॉर्मेट) में कोहली ने 16 मैचों में अब तक 63.83 की औसत से 766 रन बनाए हैं। इसमें उनके नाम तीन शतक और दो अर्धशतक दर्ज हैं। इसके अलावा एशिया कप (टी20 फॉर्मेट) में कोहली ने पांच मैचों में 76.50 की औसत से 153 रन बनाए हैं।
Next Story