खेल

स्टार क्रिकेटर Akash Deep की शादी तय,दुल्हनिया का खुलासा

Dolly
12 Jun 2026 3:29 PM IST
स्टार क्रिकेटर Akash Deep की शादी तय,दुल्हनिया का खुलासा
x

टीम इंडिया के तेज गेंदबाज आकाशदीप की शादी की तैयारियां जोर-शोर से

Sports:टीम इंडिया के तेज गेंदबाज आकाशदीप अब जिंदगी की नई पारी शुरू करने जा रहे हैं। बिहार के रोहतास जिले के रहने वाले आकाशदीप 24 जून को वाराणसी में शादी के बंधन में बंधेंगे। वह अपने गृह जिले के मानिकपुर गांव की अक्षिता के साथ सात फेरे लेंगे। शादी से जुड़ी सभी रस्में पारंपरिक रूप से उनके पैतृक गांव बड्डी में आयोजित की जाएंगी। 21 जून को तिलक, 22 जून को मेहंदी और 23 जून को हल्दी की रस्म होगी।

पिछले साल ही आकाशदीप की बहन ज्योति सिंह ने संकेत दे दिया था कि उनकी शादी जल्द होने वाली है। उन्होंने बताया था कि विवाह वाराणसी में होगा, क्योंकि आकाशदीप भगवान शिव के बड़े भक्त हैं और समय मिलने पर अक्सर काशी विश्वनाथ के दर्शन करने जाते हैं। आकाशदीप की शादी को लेकर उनके पैतृक गांव में उत्साह का माहौल है। गांव को सजाया जा रहा है और रिश्तेदारों, ग्रामीणों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि खेल और राजनीतिक जगत की कई बड़ी हस्तियां भी समारोह में शामिल हो सकती हैं।

आकाशदीप का सफर आसान नहीं रहा। महज 16 साल की उम्र में उन्होंने अपने पिता को खो दिया और इसके छह महीने बाद उनके भाई का भी निधन हो गया। इन दो बड़े झटकों के बाद वह अपनी बहन के साथ दिल्ली चले गए और क्रिकेट में करियर बनाने के लिए संघर्ष शुरू किया। बिहार क्रिकेट एसोसिएशन पर बैन होने के कारण आकाशदीप को क्रिकेट खेलने के लिए बंगाल जाना पड़ा। उन्होंने आसनसोल में रिश्तेदारों के यहां रहकर क्लब क्रिकेट खेला और बंगाल की घरेलू टीम का प्रतिनिधित्व किया।

एक दोस्त के कहने पर आकाशदीप बंगाल में ट्रायल देने पहुंचे। वहां उनकी प्रतिभा पर बंगाल रणजी टीम के सहायक कोच सौराशीष लाहिरी की नजर पड़ी। प्रदर्शन से प्रभावित होकर उन्हें बंगाल अंडर-23 टीम में जगह मिली। आईपीएल में भी आकाशदीप ने अपनी छाप छोड़ी। इस साल कोलकाता नाइट राइडर्स ने उन्हें 1 करोड़ रुपये में खरीदा, जबकि पहले लखनऊ सुपर जायंट्स ने 8 करोड़ में टीम में शामिल किया था। इसके अलावा वह रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का भी हिस्सा रह चुके हैं।

घरेलू क्रिकेट में लगातार अच्छे प्रदर्शन के दम पर आकाशदीप को भारतीय टीम में जगह मिली। इंग्लैंड के खिलाफ एजबेस्टन टेस्ट 2025 में उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए मैच में 10 विकेट झटके और 66 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली। एक ही टेस्ट में 10 विकेट और अर्धशतक बनाने वाले वह पहले भारतीय खिलाड़ी बने। उन्होंने अपनी यह उपलब्धि अपनी बहन को समर्पित की थी।

हाल ही में आकाशदीप ने बिहार की खेल मंत्री श्रेयसी सिंह से मुलाकात की और उन्हें अपनी शादी का निमंत्रण पत्र सौंपा। उनके जीवन के इस नए अध्याय को लेकर परिवार, गांव और क्रिकेट प्रेमियों में खुशी और उत्साह का माहौल है।

Next Story