खेल

महिला विश्व कप: खाता खोलने को बेताब श्रीलंका, जीत की हैट्रिक लगाना चाहेगा इंग्लैंड

jantaserishta.com
11 Oct 2025 9:05 AM IST
महिला विश्व कप: खाता खोलने को बेताब श्रीलंका, जीत की हैट्रिक लगाना चाहेगा इंग्लैंड
x
कोलंबो: महिला विश्व कप 2025 के 12वें मैच में इंग्लैंड का सामना श्रीलंका से होगा। शनिवार को आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेले जाने वाले इस मुकाबले में श्रीलंकाई टीम जीत का खाता खोलने के इरादे से उतरेगी।
इंग्लैंड शुरुआती दोनों मुकाबले जीतकर प्वाइंट्स टेबल में दूसरे पायदान पर है। इस टीम ने अपने पहले मैच में साउथ अफ्रीका के खिलाफ 10 विकेट से जीत हासिल की थी, जिसके बाद बांग्लादेश के विरुद्ध 4 विकेट से मुकाबला जीता।
दूसरी ओर, श्रीलंकाई टीम 2 में से एक मुकाबला गंवा चुकी है। इस टीम का एक मैच बारिश के चलते बेनतीजा रहा। ऐसे में यह टीम प्वाइंट्स टेबल में सातवें पायदान पर है। श्रीलंका ने भारत के विरुद्ध अपने अभियान का पहला मैच डकवर्थ लुईस नियम के आधार पर 59 रन से गंवाया था।
इंग्लैंड के विरुद्ध इस मुकाबले में श्रीलंकाई टीम को हर्षिता समरविक्रमा, चामरी अथापथु और नीलाक्षी डी सिल्वा से खासा उम्मीदें होंगी, जबकि गेंदबाजी में देवमी विहंगा और इनोका रणवीरा विपक्षी टीम को परेशान कर सकती हैं।
दूसरी ओर, इंग्लैंड की टीम को एमी जोन्स और नेट साइवर-ब्रंट से बेहतरीन बल्लेबाजी की आस होगी। गेंदबाजी में सोफी एक्लेस्टोन और लिन्सी स्मिथ श्रीलंकाई बल्लेबाजों को परेशानी में डाल सकती हैं। उम्मीद जताई जा रही है कि यहां की पिच पर टर्न देखने को मिल सकता है, लेकिन नमी स्विंग-बॉलिंग के लिए भी बेहतरीन स्थिति बनाती नजर आ रही है।
कोलंबो में भले ही पिछले कुछ दिनों से मौसम शुष्क रहा है, लेकिन फिर से बारिश की आशंका जताई जा रही है। यहां शनिवार को अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस, जबकि न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
इंग्लैंड और श्रीलंका की महिला टीमों के बीच साल 1997 से अब तक कुल 20 वनडे मुकाबले खेले गए हैं, जिसमें इंग्लैंड का पलड़ा भारी रहा। इंग्लैंड ने अब तक 17 मैच अपने नाम किए, जबकि एक मैच श्रीलंका ने जीता। दोनों टीमों के बीच 2 मुकाबले बेनतीजा रहे हैं।
यह विश्व कप मुकाबला भारतीय समय के अनुसार दोपहर 3 बजे से शुरू होगा। टॉस आधा घंटे पहले होगा। इस मैच का लाइव टेलीकास्ट स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर होगा, जबकि लाइव स्ट्रीमिंग जियोहॉटस्टार एप देखी जा सकती है।
श्रीलंका की टीम: हसीनी परेरा, चामरी अथापथु (कप्तान), हर्षिता समरविक्रमा, विश्मी गुनारत्ने, कविशा दिलहारी, नीलाक्षी डी सिल्वा, अनुष्का संजीवनी (विकेटकीपर), सुगंधिका कुमारी, अचिनी कुलसुरिया, उदेशिका प्रबोधनी, इनोका रणवीरा, देवमी विहंगा, पियमी वात्सला बदलगे, माल्की मादरा, इमेशा दुलानी।
इंग्लैंड की टीम: टैमी ब्यूमोंट, एमी जोन्स (विकेटकीपर), हीथर नाइट, नेट साइवर-ब्रंट (कप्तान), सोफिया डंकले, एम्मा लैंब, एलिस कैप्सी, चार्लोट डीन, सोफी एक्लेस्टोन, लिन्सी स्मिथ, लॉरेन बेल, एम अर्लॉट, लॉरेन फाइलर, सारा ग्लेन, डेनिएल व्याट-हॉज।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story