खेल

इंग्लैंड की सरजमीं पर एक ही टेस्ट में 'शतक' और 'विकेट' अपने नाम करने वाले दक्षिण अफ्रीकी

jantaserishta.com
14 Jun 2025 10:00 AM IST
इंग्लैंड की सरजमीं पर एक ही टेस्ट में शतक और विकेट अपने नाम करने वाले दक्षिण अफ्रीकी
x
नई दिल्ली: दक्षिण अफ्रीकी टीम अपना पहला डब्ल्यूटीसी खिताब जीतने से महज 69 रन दूर है। यूं तो लॉर्ड्स के मैदान पर चौथी पारी में 200 प्लस का टारगेट चेज करना आसान नहीं, लेकिन इस बार एडेन मार्करम के दम पर दक्षिण अफ्रीका इतिहास रचने के करीब है।
एडेन मार्करम ने दक्षिण अफ्रीका की दूसरी पारी में शतक जड़ा। बतौर सलामी बल्लेबाज मार्करम ने टीम को उस वक्त संभाला, जब महज नौ रन पर उसका पहला विकेट गिर चुका था। मार्करम इस शतकीय पारी के साथ इंग्लैंड की सरजमीं पर एक ही टेस्ट में शतक जड़ने और विकेट लेने वाले दक्षिण अफ्रीकी खिलाड़ियों की सूची में शामिल हो गए हैं। इनके अलावा ये कारनामा ब्रूस मिशेल (द ओवल, 1935) और ग्रीम पोलक (ट्रेंट ब्रिज, 1965) कर चुके हैं। जैक्स कैलिस ने साल 1998 में ओल्ड ट्रैफर्ड और साल 2012 में द ओवल में ऐसा किया था।
दक्षिण अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के बीच इस खिताबी मुकाबले की बात करें, तो ऑस्ट्रेलियाई टीम पहली पारी में 212 रन पर सिमट गई। ब्यू वेबस्टर ने 72, जबकि स्टीव स्मिथ ने 66 रन का योगदान टीम के खाते में दिया। विपक्षी टीम की ओर से कगिसो रबाडा ने सर्वाधिक पांच विकेट झटके।
इसके जवाब में दक्षिण अफ्रीका अपनी पहली पारी में 138 रन पर सिमट गई। इस पारी में टीम के लिए डेविड बेडिंघम ने सर्वाधिक 45 रन बनाए। ऑस्ट्रेलियाई कप्तान पैट कमिंस का कहर विपक्षी टीम पर जमकर बरपा और उन्होंने छह विकेट अपने नाम किए।
ऑस्ट्रेलिया के पास पहली पारी के आधार पर 74 रन की बढ़त थी। इस टीम ने दूसरी पारी में 207 रन बनाए, जिसमें मिशेल स्टार्क ने 58 रन का योगदान दिया। इसी के साथ ऑस्ट्रेलिया ने दक्षिण अफ्रीका को जीत के लिए 282 रन का टारगेट दिया।
लॉर्ड्स में टेस्ट इतिहास को देखते हुए ये टारगेट मुश्किल नजर आ रहा था, लेकिन एडेन मार्करम (नाबाद 102) और कप्तान टेंबा बावुमा (नाबाद 65) ने शतकीय साझेदारी करते हुए तीसरे दिन की समाप्ति तक दक्षिण अफ्रीका को जीत की दहलीज पर ला दिया।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story