साउथ अफ्रीका ने आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप के तीसरे चक्र का जीता खिताब

साउथ अफ्रीका ने आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप (WTC) के तीसरे चक्र (2023-25) का खिताब जीत लिया है. लंदन के ऐतिहासिक लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड में आयोजित फाइनल में साउथ अफ्रीका ने ऑस्ट्रेलिया को 5 विकेट से हराया. मुकाबले में साउथ अफ्रीका को जीत के लिए 282 रनों का टारगेट मिला था, जिसे उसने खेल के चौथे दिन (14 जून) लंच से पहले हासिल कर लिया.
साउथ अफ्रीका ने 27 साल बाद आईसीसी खिताब जीता है. इससे पहले उसने अपना पहला आईसीसी खिताब 1998 (विल्स इंटरनेशनल कप) में जीता था. बता दें कि इस मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने अपनाी पहली पारी में 212 और दूसरी पारी में 207 रन बनाए. दूसरी ओर साउथ अफ्रीका की पहली पारी 138 रनों पर सिमटी थी. पहली पारी के आधार पर ऑस्ट्रेलिया को 74 रनों की लीड मिली थी, जिसके चलते उसने साउथ अफ्रीका के सामने 282 रनों का टारगेट सेट किया.
टारगेट का पीछा करते हुए साउथ अफ्रीका ने अपनी दूसरी पारी में 70 रनों के स्कोर पर दूसरा विकेट गंवा दिया था. यहां से एडेन मार्करम और कप्तान टेम्बा बावुमा ने क्रीज पर खूंटा गाड़ दिया. दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए 147 रनों की पार्टनरशिप हुई, जिसने साउथ अफ्रीका का काम आसान कर दिया. इस साझेदारी के दौरान मार्करम ने 11 चौके की मदद से 101 गेंदों पर शतक पूरा किया. यह उनके टेस्ट करियर का आठवां शतक रहा. मार्करम ऐसे पहले साउथ अफ्रीकी बल्लेबाज बन गए, जिन्होंने आईसीसी इवेंट के फाइनल मे शतक जड़ा.





