खेल

पाकिस्तान टीम में बड़े बदलाव के संकेत, सलमान आगा की कप्तानी जा सकती है

jantaserishta.com
1 March 2026 10:13 AM IST
पाकिस्तान टीम में बड़े बदलाव के संकेत, सलमान आगा की कप्तानी जा सकती है
x
नई दिल्ली: पाकिस्तान क्रिकेट टीम टी20 विश्व कप 2026 से बाहर हो गई है। शनिवार को सुपर-8 के अपने आखिरी मुकाबले में पाकिस्तान को श्रीलंका के खिलाफ जीत तो मिली, लेकिन इस जीत का अंतर टीम को सेमीफाइनल में पहुंचाने के लिए पर्याप्त नहीं था। लगातार तीसरे टी20 विश्व कप में सेमीफाइनल में जगह बनाने में असफल रही पाकिस्तान टीम में बड़े बदलाव के संकेत मिल रहे हैं।
एक रिपोर्ट के मुताबिक पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के प्रमुख मोहसिन नकवी विश्व कप में पाकिस्तान के प्रदर्शन से नाराज हैं। नकवी सलमान आगा को पाकिस्तान टी20 टीम की कप्तानी से हटा सकते हैं। इसके अलावा, बाबर आजम, उस्मान खान, शादाब खान और सलमान आगा के टी20 करियर पर भी कोई निर्णय लिया जा सकता है।
रिपोर्ट के मुताबिक, हेड कोच माइक हेसन ने सलाह दी है कि पाकिस्तान को कुछ सीनियर खिलाड़ियों से आगे बढ़ते हुए युवा प्रतिभाओं में निवेश करना चाहिए और मॉडर्न टी20 क्रिकेट की बदलती जरूरतों के अनुरूप टीम का पुनर्गठन करना चाहिए।
विश्व कप में पाकिस्तान क्रिकेट टीम ने अपने प्रदर्शन से बेहद निराश किया। बल्लेबाजी में साहिबजादा फरहान को छोड़ दें, तो किसी भी बल्लेबाज की तरफ से बड़ी पारी नहीं आई। टीम के प्लेइंग इलेवन चयन और बल्लेबाजी क्रम में भी परेशानी दिखी। फखर जमान जो सलामी बल्लेबाज हैं, उन्हें लगातार निचले क्रम में बल्लेबाजी कराई गई। श्रीलंका के खिलाफ शनिवार को हुए मैच में फखर को पारी की शुरुआत करने का मौका मिला और उन्होंने 42 गेंद पर 84 रन की पारी खेली। यह मौका उन्हें पहले भी दिया जा सकता था। गेंदबाजी में अबरार और तारिक को छोड़कर सभी असरहीन रहे। इस वजह से पाकिस्तान टीम में बड़े बदलाव नजर आ सकते हैं।
पाकिस्तान ने ग्रुप स्टेज में नीदरलैंड्स, यूएसए और नामीबिया को हराया और भारत से हार के बावजूद दूसरे स्थान पर रहते हुए सुपर 8 में पहुंची। सुपर 8 में न्यूजीलैंड के खिलाफ मैच बारिश के कारण रद्द हो गया और इंग्लैंड से टीम को हार मिली थी। श्रीलंका के खिलाफ आखिरी मैच में जीत के बावजूद टीम नेट रन रेट बेहतर नहीं होने की वजह से पाकिस्तान टूर्नामेंट से बाहर हो गई। न्यूजीलैंड इस ग्रुप से सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई करने वाली इंग्लैंड के बाद दूसरी टीम बन गई।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story