
आईपीएल 2026 में वानखेड़े स्टेडियम पर गुरुवार को ऐसा नज़ारा देखने को मिला, जिसे लंबे समय तक याद रखा जाएगा. श्रेयस अय्यर ने एक ऐसा कमाल कर दिखाया, जिसे आईपीएल इतिहास के सबसे बेहतरीन फील्डिंग मोमेंट्स में गिना जा रहा है. पंजाब किंग्स के कप्तान ने अपनी शानदार कोशिश से मुंबई के कप्तान हार्दिक पंड्या की पारी का अंत कर दिया.
यह घटना मैच के 18वें ओवर की तीसरी गेंद पर हुई, जब मार्को जानसेन गेंदबाजी कर रहे थे. हार्दिक ने ऑफ स्टंप के बाहर जाती गेंद पर जोरदार शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन उनका शॉट सही तरीके से कनेक्ट नहीं हुआ और गेंद हवा में लॉन्ग ऑन की दिशा में चली गई. लॉन्ग ऑन पर खड़े श्रेयस अय्यर ने यहां कमाल कर दिया. वह अपनी बाईं ओर दौड़े, हवा में उछले और गिरते हुए गेंद को सिर के ऊपर से पकड़ लिया. खास बात यह रही कि संतुलन बिगड़ने के बावजूद उन्होंने जबरदस्त समझदारी दिखाई और हवा में रहते हुए ही गेंद को लॉन्ग ऑफ की ओर फेंक दिया, जहां Xavier Bartlett ने आसान कैच पूरा किया.
कॉमेंट्री कर रहे रवि शास्त्री भी इस शानदार प्रयास को देखकर हैरान रह गए. उन्होंने अय्यर की कोर स्ट्रेंथ और बैलेंस की जमकर तारीफ की. यह कैच जितना मुश्किल था, उतना ही शानदार भी. इस कैच के बाद श्रेयस अय्यर ने मुंबई के दर्शकों की ओर इशारा करते हुए अपने कान पर हाथ रखा, जैसे वह पूछ रहे हों कि अब आवाज़ क्यों बंद हो गई. उनका यह रिएक्शन भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया.
ग़ज़ब का कैच पकड़ा है श्रेयस अय्यर ने pic.twitter.com/Gov333nIAs
— Milind Khandekar (@milindkhandekar) April 17, 2026





