खेल

भारतीय पुरुष और महिला 'ए' हॉकी टीमों का कोच बने सरदार सिंह और दीपक ठाकुर

Ritisha Jaiswal
6 March 2022 9:03 AM GMT
भारतीय पुरुष और महिला ए हॉकी टीमों का कोच बने  सरदार सिंह और दीपक ठाकुर
x
पूर्व कप्तान सरदार सिंह (Sardar Singh) और पूर्व स्ट्राइकर दीपक ठाकुर (Deepak Thakur) को शनिवार को भारतीय पुरुष और महिला ‘ए’ हॉकी टीमों का कोच नियुक्त किया गया है

पूर्व कप्तान सरदार सिंह (Sardar Singh) और पूर्व स्ट्राइकर दीपक ठाकुर (Deepak Thakur) को शनिवार को भारतीय पुरुष और महिला 'ए' हॉकी टीमों का कोच नियुक्त किया गया है. भारत-ए टीमें बर्मिंघम में आगामी राष्ट्रमंडल खेलों में हिस्सा लेंगी. वहीं, एक हैरान करने वाली घटना में टोक्यो ओलंपिक कांस्य पदकधारी टीम के सदस्य रूपिंदर पाल सिंह और बीरेंद्र लाकड़ा के अलावा अनुभवी फॉरवर्ड एसवी सुनील ने संन्यास से वापसी की है.

रूपिंदर पाल सिंह, लाकड़ा और सुनील को बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों की टीम के चयन के लिए योग्य 33 पुरुष कोर संभावित खिलाड़ियों में शामिल किया गया है. तीनों खिलाड़ियों ने पिछले साल टोक्यो ओलंपिक के बाद अंतरराष्ट्रीय हॉकी से संन्यास ले लिया था.
भारतीय पुरूष और महिला 'ए' टीमें इस साल राष्ट्रमंडल खेलों में हिस्सा लेंगी. हॉकी इंडिया ने राष्ट्रमंडल और हांगजोऊ एशियाई खेलों के बीच कम समय को देखते हुए बर्मिंघम में अपनी मुख्य टीम नहीं भेजने का फैसला किया था. राष्ट्रीय महासंघ ने शनिवार को ही भारत 'ए' पुरूष और महिला कोर संभावित ग्रुप के लिये 33-33 खिलाड़ियों के नाम की घोषणा भी की
दोनों टीमें सात मार्च से बेंगलुरू के साई सेंटर में राष्ट्रीय शिविर की शुरूआत करेंगी. हॉकी इंडिया के अध्यक्ष ज्ञानेंद्रो निंगोम्बाम ने एक बयान में कहा, 'हम दीपक ठाकुर और सरदार सिंह जैसे दिग्गजों के राष्ट्रीय कोचिंग कार्यक्रम में जुड़ने से काफी खुश हैं. उनके अनुभव से खिलाड़ियों को काफी फायदा मिलेगा.


Next Story