
x
संजू के बल्ले से निकला भारत का 2000वां टी20 अंतरराष्ट्रीय छक्का
हैदराबाद: वेस्टइंडीज के खिलाफ चौथे टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में संजू सैमसन ने अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से खास उपलब्धि हासिल की। भारतीय सलामी बल्लेबाज ने 23 गेंदों में 56 रन बनाए और टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपने 100 छक्के पूरे कर लिए। इसके साथ ही वह रोहित शर्मा और विराट कोहली जैसे बल्लेबाजों के विशेष क्लब में शामिल हो गए। इस प्रारूप में छक्कों का शतक लगाने वाले सैमसन छठे भारतीय बल्लेबाज बने हैं।
सैमसन ने अपनी पारी में छह चौके और चार छक्के लगाए। उनका स्ट्राइक रेट 243.48 रहा। वेस्टइंडीज से मिले 248 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए उन्होंने भारत को तेज शुरुआत दिलाई। उनकी इस पारी में चर्चा ‘शतक’ की जरूर रही, लेकिन यह उपलब्धि टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर में 100 छक्के पूरे करने की थी।
मुकाबले से पहले सैमसन के खाते में 98 टी20 अंतरराष्ट्रीय छक्के थे। पारी का दूसरा छक्का लगाते ही उन्होंने सौ का आंकड़ा छू लिया। इसके बाद दो और छक्के लगाकर उन्होंने अपनी कुल संख्या 102 तक पहुंचा दी। यह उपलब्धि उन्होंने अपनी 68वीं टी20 अंतरराष्ट्रीय पारी में हासिल की।
सैमसन से पहले रोहित शर्मा, सूर्यकुमार यादव, अभिषेक शर्मा, हार्दिक पंड्या और विराट कोहली भारत के लिए इस प्रारूप में 100 या उससे अधिक छक्के लगा चुके थे। सैमसन ने हैदराबाद में इस सूची में अपना नाम जोड़ दिया।
उनकी बल्लेबाजी की रफ्तार का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उन्होंने महज 20 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया। गेंदों के लिहाज से यह उनके टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर का संयुक्त रूप से सबसे तेज अर्धशतक रहा। इससे पहले उन्होंने दिल्ली में अफगानिस्तान के खिलाफ भी 20 गेंदों में पचासा पूरा किया था।
इस पारी में सैमसन के बल्ले से भारतीय टीम के लिए भी एक ऐतिहासिक छक्का निकला। उनका तीसरा छक्का टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भारत का 2000वां छक्का बना। भारत इस आंकड़े तक पहुंचने वाली वेस्टइंडीज के बाद दूसरी टीम बना।
भारत के टी20 अंतरराष्ट्रीय सफर में पहला छक्का वीरेंद्र सहवाग ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ लगाया था। इसके बाद टीम का 1000वां छक्का सूर्यकुमार यादव के बल्ले से निकला था। अब 2000वें छक्के के साथ सैमसन भी इस खास पड़ाव का हिस्सा बन गए। एक ही पारी में व्यक्तिगत और टीम की उपलब्धि ने उनके अर्धशतक को और यादगार बना दिया। Times Now Navbharat
हालांकि, सैमसन की तेज शुरुआत भारत को जीत तक नहीं पहुंचा सकी। पांचवें ओवर की पहली गेंद पर कीमो पॉल ने उन्हें आउट कर दिया। शिमरोन हेटमायर ने उनका कैच पकड़ा। सैमसन के आउट होने के समय भारत का स्कोर 60 रन था। उसी ओवर में ईशान किशन भी छह रन बनाकर पवेलियन लौट गए।
इससे पहले वेस्टइंडीज ने कप्तान शाई होप की नाबाद 102 रन की पारी की मदद से 20 ओवर में तीन विकेट पर 247 रन बनाए थे। जवाब में भारतीय टीम 223 रन तक पहुंच सकी और उसे 24 रन से हार मिली। कीमो पॉल ने 41 रन देकर पांच विकेट हासिल किए। इस परिणाम के बाद पांच मैचों की सीरीज 2-2 से बराबर हो गई है। अब 17 अक्टूबर को बेंगलुरु में होने वाला अंतिम मुकाबला सीरीज का विजेता तय करेगा।
Next Story





