खेल

रोहित-कोहली-बाबर पर 3 मैच खेलने वाला बल्लेबाज भारी, 2 दिन में टी20 के दो 'महारिकॉर्ड' अपने नाम किए

Subhi
29 July 2022 11:49 AM IST
रोहित-कोहली-बाबर पर 3 मैच खेलने वाला बल्लेबाज भारी, 2 दिन में टी20 के दो महारिकॉर्ड अपने नाम किए
x
फ्रांस के 18 साल के बल्लेबाज गुस्ताव मैक्योन ने वो कारनामा कर दिखाया है, जो रोहित शर्मा, विराट कोहली और बाबर आजम जैसे आज के दौर के दिग्गज बल्लेबाज अब तक नहीं कर पाए हैं.

फ्रांस के 18 साल के बल्लेबाज गुस्ताव मैक्योन ने वो कारनामा कर दिखाया है, जो रोहित शर्मा, विराट कोहली और बाबर आजम जैसे आज के दौर के दिग्गज बल्लेबाज अब तक नहीं कर पाए हैं. गुस्ताव ने इंटरनेशनल टी20 में लगातार दो शतक ठोककर इतिहास रच दिया है. वो ऐसा करने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बने हैं. 4 दिन पहले ही गुस्ताव ने स्विटजरलैंड के खिलाफ फिनलैंड में हुए 2024 टी20 विश्व कप यूरोप सब-रीजनल क्वालिफायर मुकाबले में 61 गेंद में 109 रन बनाए थे. तब वो सबसे कम उम्र में टी20 शतक जड़ने वाले बल्लेबाज बने थे. उन्होंने 18 साल 280 दिन की उम्र में यह कारनामा किया था.

इसके दो दिन बाद ही उन्होंने नॉर्वे के खिलाफ मैच में 53 गेंद में 101 रन की पारी खेली और टी20 इंटरनेशनल में लगातार दूसरा शतक ठोका और रिकॉर्ड बुक में अपना नाम दर्ज करा लिया.

रोहित शर्मा के नाम टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा 4 शतक का रिकॉर्ड है. लेकिन, वो भी लगातार 2 टी20 में सेंचुरी लगाने का कारनामा नहीं कर पाए हैं. गुस्ताव ने नॉर्वे के खिलाफ 53 गेंद में 101 रन बनाए. अपनी इस पारी में फ्रांस के इस 18 साल के बल्लेबाज ने 8 छक्के और 5 चौके लगाए. यानी अकेले 68 रन तो बाउंड्री से ही ठोक डाले. उन्होंने इस मैच में अपना शतक 51 गेंद में छक्के से पूरा किया.

गुस्ताव ने अब तक 3 टी20 खेले हैं. इसमें 76, 109 और 101 रन की पारी खेलते हुए कुल 286 रन बनाए हैं. वो मेंस टी20 इंटरनेशनल में पहली 3 पारियों के बाद सबसे अधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज भी हैं. उन्होंने पुर्तगाल के अजहर अंदानी का रिकॉर्ड तोड़ा है. अंदानी ने पिछले साल टी20 इंटरनेशनल की पहली तीन पारियों में 46,100 और 81 रन बनाए थे.

गुस्ताव ने शतक के साथ 3 विकेट भी लिए

नॉर्वे के खिलाफ मैच में फ्रांस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 158 रन बनाए. इसमें से अकेले 101 रन तो गुस्ताव के बल्ले से निकले. गुस्ताव ने सिर्फ बल्ले से ही नहीं, बल्कि गेंद से भी नॉर्वे पर कहर बरपाया. उन्होंने 4 ओवर में 27 रन देकर नॉर्वे के तीन बल्लेबाजों को पवेलियन की राह दिखाई. गुस्ताव की घातक गेंदबाजी के कारण नॉर्वे की पूरी टीम 159 रन के टारगेट का पीछा करते हुए 19.2 ओवर में 147 रन पर ऑल आउट हो गई. नॉर्वे के लिए कुरुगे ऐबेरत्ना ने सबसे अधिक 45 रन बनाए. उनके अलावा कप्तान उस्मान आरिफ ने 26 रन की पारी खेली.


Next Story