खेल

विनेश फोगाट के अयोग्य घोषित होने पर राहुल-प्रियंका गांधी ने दी प्रतिक्रिया

jantaserishta.com
7 Aug 2024 2:43 PM IST
विनेश फोगाट के अयोग्य घोषित होने पर राहुल-प्रियंका गांधी ने दी प्रतिक्रिया
x
नई दिल्ली: भारतीय महिला रेसलर विनेश फोगाट को अधिक वजन के कारण पेरिस ओलंपिक के महिला कुश्ती के फाइनल से अयोग्य घोषित कर दिया गया। भारतीय कुश्ती और देश के लिए यह एक बड़ा झटका है, क्योंकि विनेश फोगाट गोल्ड मेडल जीतने के बेहद करीब थीं। इसी बीच विनेश फोगाट के अयोग्य घोषित होने पर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने प्रतिक्रिया दी।
उन्होंने कहा कि हमें पूरी उम्मीद है कि भारतीय ओलंपिक संघ इस निर्णय को मजबूती से चैलेंज कर देश की बेटी को न्याय दिलाएगा। इसके साथ ही राहुल गांधी ने कहा कि विनेश हिम्मत हारने वालों में से नहीं हैं, हमें पूरा भरोसा है कि वह अखाड़े में और अधिक मजबूती से वापसी करेंगी।
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ''विश्व विजेता पहलवानों को हराकर फाइनल में पहुंची भारत की शान विनेश फोगाट को तकनीकी आधार पर अयोग्य घोषित किया जाना दुर्भाग्यपूर्ण है। हमें पूरी उम्मीद है कि भारतीय ओलंपिक संघ इस निर्णय को मजबूती से चैलेंज कर देश की बेटी को न्याय दिलाएगा। विनेश हिम्मत हारने वालों में से नहीं हैं, हमें पूरा भरोसा है कि वह अखाड़े में और अधिक मजबूती से वापसी करेंगी। आपने हमेशा देश को गौरवान्वित किया है विनेश। आज भी पूरा देश आपकी ताकत बनकर आपके साथ खड़ा है।''
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी विनेश फोगाट के अयोग्य घोषित होने पर सोशल मीडिया पर टिप्पणी की। उन्होंने एक्स पोस्ट में लिखा, ''प्यारी बहन विनेश फोगाट, मैंने आपके साहस, आपकी मेहनत और लगन को देखा है। आप ओलंपिक के दंगल में देश की करोड़ों लड़कियों के सपनों के लिए लड़ रही थीं। आपके शानदार खेल से उन करोड़ों लड़कियों के सपनों को उड़ान मिली है, जो छोटे-छोटे शहरों से आती हैं, तमाम चुनौतियों से जूझते हुए, सिस्टम से लड़ते हुए, विपरीत हालातों को हराकर बड़े मंचों पर पहुंचने की आकांक्षा रखती हैं। आपके शानदार खेल ने पूरे देश को गर्व से भर दिया। तमाम चुनौतियों से लड़ते हुए अपनी अथक मेहनत से आप जिस मुकाम तक पहुंचीं, वो आसान नहीं था। आपकी इस अविश्वसनीय यात्रा से करोड़ों सपनों को बल मिला है।''
उन्होंने आगे लिखा, ''इस मुश्किल समय में करोड़ों देशवासी उसी उत्साह के साथ आपके साथ खड़े हैं, जैसा पूरे कंप्टीशन के दौरान थे। मेरी बहन, खुद को अकेले मत समझना और याद रखना कि आप हमारी चैंपियन थीं और आप हमेशा हमारी चैंपियन रहेंगी। मुझे पूरा भरोसा है कि आप और ज्यादा मजबूत तरीके से वापसी करेंगी। ढेर सारा प्यार।''
पेरिस ओलंपिक में भारतीय महिला रेसलर विनेश फोगाट के अयोग्य घोषित होने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) की अध्यक्ष पीटी उषा से बात की है। पीएम मोदी ने उनसे इस मुद्दे और विनेश फोगाट के बाहर होने के बाद भारत के पास मौजूद विकल्पों के बारे में जानकारी मांगी है।
सूत्रों के अनुसार, पीएम मोदी ने पीटी उषा से विनेश के मामले में सभी विकल्पों का पता लगाने के लिए कहा है। उन्होंने पीटी उषा से यह भी आग्रह किया है कि अगर इससे विनेश फोगाट को मदद मिलती है तो वह अपनी अयोग्यता के संबंध में कड़ा विरोध दर्ज कराएं।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story