खेल

राही सरनोबत ने जीता महिलाओं की 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा का खिताब

Ritisha Jaiswal
7 Dec 2021 4:05 AM GMT
राही सरनोबत ने जीता  महिलाओं की 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा का खिताब
x
एशियाई खेलों की चैंपियन राही सरनोबत ने 64वीं राष्ट्रीय निशानेबाजी चैंपियनशिप में महिलाओं की 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा का खिताब जीता।

एशियाई खेलों की चैंपियन राही सरनोबत ने 64वीं राष्ट्रीय निशानेबाजी चैंपियनशिप में महिलाओं की 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा का खिताब जीता। महाराष्ट्र की राही डॉ कर्णी सिंह शूटिंग रेंज में 37 का स्कोर कर चैंपियन बनीं। राही का यह लगातार तीसरा राष्ट्रीय खिताब है। हाल ही में जूनियर विश्व चैंपियन बनीं दिल्ली की 14 वर्षीय नाम्या कपूर (31) ने रजत पदक जीता। यूथ ओलंपिक खेलों और दस मीटर एयर पिस्टल की राष्ट्रीय चैंपियन हरियाणा की मनु भाकर (27) के खाते में कांस्य पदक आया।

मनु को पछाड़कर 14 साल की नाम्या बनीं जूनियर चैंपियन
नाम्या 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा के जूनियर वर्ग में 19 साल की मनु भाकर को शूटऑफ में 5-4 से हराकर चैंपियन बनीं। ईशा सिंह ने कांस्य पदक जीता। नाम्या ने अक्तूबर में पेरू के लीमा में आईएसएसएफ जूनियर विश्व चैंपियनशिप में भाकर को पछाड़कर स्वर्ण पदक जीता था। भाकर को तब कांसे से संतोष करना पड़ा था। नाम्या शीर्ष अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट में पदक जीतने वाली सबसे कम उम्र की भारतीय निशानेबाज हैं।
श्रीयंका ने जीता स्वर्ण
भोपाल में ओडिशा की श्रीयांका सादंगी महिलाओं की 50 मीटर राइफल थ्री पोजिशन में चैंपियन बनीं। सारंगी (454.9) ने मध्य प्रदेश की मानसी कठैत (453.5) को पछाड़कर अपना पहला राष्ट्रीय खिताब जीता। पश्चिम बंगाल की आयुषी पोद्दार (440.9) ने कांसा जीता। इसी स्पर्धा के जूनियर वर्ग में हरियाणा की निश्छल (452.9) ने नए राष्ट्रीय रिकॉर्ड के साथ पीला तमगा जीता। मध्य प्रदेश की आशी चौकसे (450.9) ने रजत और पंजाब की सिफ्त कौर समरा (440.7) ने कांस्य पदक जीता।



Next Story