
x
पाकिस्तान U-19 टीम को लेकर हुआ भ्रम
पोर्ट्समाउथ: ब्रिटेन के पोर्ट्समाउथ में पाकिस्तान की अंडर-19 क्रिकेट टीम एक अजीबोगरीब और असहज स्थिति में फंस गई। आव्रजन-विरोधी प्रदर्शनकारियों के एक समूह ने होटल में ठहरे पाकिस्तानी युवा क्रिकेटरों को गलती से शरण मांगने वाले प्रवासियों का समूह समझ लिया। गलत सूचना फैलने के बाद करीब 40 से 50 लोग होटल के बाहर पहुंच गए। हालांकि कुछ ही देर में असलियत सामने आने के बाद प्रदर्शनकारी वहां से चले गए।
यह घटना मंगलवार शाम पोर्ट्समाउथ के कॉशम इलाके में स्थित चार सितारा मैरियट होटल के बाहर हुई। पाकिस्तान की अंडर-19 टीम इंग्लैंड दौरे पर है और उसके खिलाड़ी तथा सपोर्ट स्टाफ इसी होटल में ठहरे हुए थे। रिपोर्ट के मुताबिक, लोगों के बीच सूचना फैली कि करीब 40 विदेशी दिखने वाले पुरुष एक बस से होटल पहुंचे हैं और उन्हें वहां शरणार्थियों के रूप में ठहराया जा रहा है।
बस देखकर हुई गलतफहमी
गलतफहमी की एक वजह उस बस को भी बताया गया जिससे पाकिस्तानी टीम होटल पहुंची थी। रिपोर्ट के मुताबिक, प्रदर्शनकारियों को लगा कि इसी कंपनी की बसों का इस्तेमाल पहले शरण मांगने वालों को ले जाने के लिए किया गया था। इसके बाद सोशल मीडिया और स्थानीय स्तर पर संदेश फैलने लगे और लोग होटल के बाहर जमा होने लगे। कई प्रदर्शनकारियों ने अपने चेहरे भी ढके हुए थे।
मामले की जानकारी मिलने के बाद रिफॉर्म यूके के स्थानीय पार्षद जॉर्ज मैडगविक होटल पहुंचे। उन्होंने होटल मैनेजर से बात कर स्थिति की जानकारी ली। होटल प्रबंधन ने स्पष्ट किया कि यहां कोई नया शरणार्थी समूह नहीं आया है, बल्कि होटल में पाकिस्तान की अंडर-19 क्रिकेट टीम ठहरी हुई है।
पार्षद ने समझाया तो लौट गई भीड़
मैडगविक ने पाकिस्तान टीम के कोच से भी बातचीत की और इसके बाद बाहर जमा प्रदर्शनकारियों को बताया कि उनसे गलती हुई है। उन्होंने लोगों को स्पष्ट किया कि होटल में आए युवक क्रिकेट खिलाड़ी हैं। सच्चाई सामने आने के बाद भीड़ कुछ ही मिनटों में वहां से चली गई और मामला बिना किसी बड़े टकराव के शांत हो गया।
घटना से कुछ दिन पहले ही पोर्ट्समाउथ में शरण मांगने वालों को लेकर तनाव देखने को मिला था। रविवार को एक नाव से बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने के बाद सैकड़ों प्रदर्शनकारी सड़कों पर उतर आए थे। प्रदर्शन के दौरान पुलिस से झड़प और रास्ते अवरुद्ध किए जाने की घटनाएं भी सामने आई थीं। इसी तनावपूर्ण माहौल के बीच पाकिस्तान की युवा क्रिकेट टीम को लेकर यह गलतफहमी हुई।
ECB ने PCB से किया संपर्क
घटना सामने आने के बाद इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) से संपर्क किया और युवा खिलाड़ियों की स्थिति के बारे में जानकारी ली। इसके साथ ही पाकिस्तान U-19 टीम के बाकी इंग्लैंड दौरे के लिए सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा भी की जा रही है।
पाकिस्तान की अंडर-19 टीम इस समय इंग्लैंड की युवा टीम के खिलाफ सीरीज खेल रही है। घटना के बाद सबसे बड़ी राहत यह रही कि मामला जल्द स्पष्ट हो गया और खिलाड़ियों को किसी तरह का नुकसान नहीं पहुंचा। हालांकि होटल के बाहर हुई इस घटना ने दिखाया कि गलत सूचना किस तरह कुछ ही समय में तनावपूर्ण स्थिति पैदा कर सकती है।
Next Story





